बदायूं : आदमखोर भेड़िया समझकर सियार को पीट-पीटकर किया अधमरा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

गोवंश पर हमला करने की वजह से लोगों ने सियार को समझा भेड़िया

बदायूं, अमृत विचार। अन्य जिलों में आदमखोर भेड़िये का खौफ है, जिसका असर बदायूं में भी दिखने लगा है। बुधवार तड़के शहर में घुसे एक सियार को लोगों ने भेड़िया समझकर लाठियों से बुरी तरह पीटकर अधमरा कर दिया। सूचना मिलने पर पीपल्स फॉर एनिमल्स संस्था के अध्यक्ष विकेंद्र शर्मा और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल सियार का इलाज करवाकर उसे जंगल में छोड़ा गया।

बुधवार तड़के लगभग पाँच बजे एक सियार भटकता हुआ शहर के मोहल्ला गद्दी चौक के पास आ गया। उसने दूधियों की गायों पर हमला कर दिया। पशुपालक समझे कि यह वही आदमखोर भेड़िया है, जो अन्य जिलों में लोगों पर हमला कर रहा था। शोर मच गया और लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने लाठियों से सियार को पीटना शुरू कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल था। किसी ने विकेंद्र शर्मा और वन विभाग की टीम को सियार पर हमले और एक पैर काटने की सूचना दी। वन दारोगा अशोक कुमार, विकेंद्र शर्मा, और यश दिवाकर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया कि यह भेड़िया नहीं, सियार है। इसके बाद उन्होंने सियार को लोगों के चुंगल से छुड़ाया। वन विभाग ने घायल सियार को पिंजरे में बंद कर पशु चिकित्सक को बुलाया। इलाज के बाद सियार की हालत में सुधार होने पर उसे जंगल में छोड़ दिया गया। वन विभाग की टीम सियार के शहर में घुसने के कारणों की जाँच कर रही है।

संबंधित समाचार