Lucknow Murder: युवक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या...प्रेम-प्रसंग के शक में वारदात, दो हिरासत में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। सुशांत गोल्फ सिटी थाना अंतर्गत मलूकपुर ढकवा गांव में बुधवार रात प्रेम-प्रसंग के शक में अमित (22) की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

वहीं मृतक के परिजनों ने लड़की के परिजनों पर बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई किए जाने की मांग की है। 

हालांकि, तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के पिता पुत्र समेत पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है।

डीसीपी साउथ राजेश यादव के मुताबिक क्षेत्र के, मलूकपुर ढकवा गांव निवासी किसान छोटेलाल सपरिवार रहते हैं। उनका पौत्र अमित कुमार गांव की एक लड़की को बहला फुसलाकर अपने साथ भगा कर ले गया था। 

लड़की के घर वालों ने मार्च 2023 में अमित के खिलाफ अपहरण का आरोप लगाते हुए सुशांत गोल्फ सिटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 

हालांकि, पुलिस ने मामले की विवेचना कर दर्ज प्राथमिकी में चार्जशीट भी लग चुकी है। उसी मामले को लेकर दोनों परिवारों में रंजिश चल रही थी।

परिजनों ने बताया कि बुधवार देर शाम अमित लघुशंका करने घर के बाहर गया था। इसी दौरान कुछ दबंगों ने उस पर कुल्हाड़ी और डंडे से हमला कर दिया। 

ताबड़तोड़ वार होने से वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। चीख पुकार सुनकर परिजन दौड़े तबतक हमलावर पीड़ित परिजनों को धमकी देते हुए घटनास्थल से भाग निकले। इसके बाद पीड़ित परिजनों ने अमित को फौरन नजदीकी सीएचसी में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

राजेश यादव ने बताया कि मृतक के बाबा छोटेलाल ने गांव के शत्रुघ्न, उसके बेटे मनभरन, पौत्र रवि, रामशंकर और पोती नीतू के खिलाफ तहरीर दी है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़े- Kanpur: बस चालक ने गर्भवती मादा श्वान को कुचला, मौत, विरोध करने पर आरोपी ने लोगों को दी धमकी, रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार