बरेली: नवदिया झादा चौराहे पर बेकाबू कार गड्ढे में गिरी, एक की मौत चार घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

मुजफ्फरनगर से जा रहे थे लखीमपुर खीरी, टायर फटने के कारण हादसा

बरेली, अमृत विचार। नवदिया झादा चौराहे के पास शनिवार सुबह बोलेरो कार टायर फटने से बेकाबू होकर गड्ढे में जा गिरी। कार सवार सात लोगों में से  एक शख्स की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं, बाकि को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। बताया जा रहा है कि कार सवार मुजफ्फरनगर से लखीमपुर खीरी जा रहे थे। 

लखीमपुर खीरी जिले के उमाशंकर मौर्य ( 65) बोलेरो कार से मुजफ्फरनगर से लखीमपुर खीरी जा रहे थे। उनके साथ कार में अन्य छह लोग और सवार थे। कार जैसे ही नेशनल हाईवे के नवदिया झादा के पास पहुंची तभी कार का पिछला दायां टायर अचानक फट गया। जिससे कार अनियंत्रित हो गयी और खाई में  जाकर पलट गई। जिससे उमाशंकर की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि अन्य चार लोग घायल हो गए। घायलों में लालू मौर्या, चालक शांति यादव, मनोज व अक्षय शामिल हैं। जिनको इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। सभी लोग लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले हैं। इंस्पेक्टर आदेश कुमार ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

संबंधित समाचार