पीलीभीत: मासूम समेत दो पर सियार का हमला, भीड़ ने पीटकर मार डाला

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सियार के मरने की पुष्टि नहीं कर रहा वन विभाग, घायलों को चल रहा इलाज

अमरिया, अमृत विचार। तहसील अमरिया क्षेत्र के गांव नगरिया कॉलोनी और पिंजरा वमनपुरी में शुक्रवार रात सियार ने एक बच्चे समेत दो पर हमला कर दिया। जिसमें दोनों घायल हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने सियार को लाठी से पीटकर मार डाला। घायलों का  निजी क्लीनिक में इलाज कराया। हालांकि सियार को मारने की पुष्टि वन विभाग नहीं कर रहा।

बता दें कि नगरिया कॉलोनी के दिवास सरदार (22) पुत्र सुखरंजन सरदार की किराना दुकान है। शुक्रवार रात वह दुकान बंद कर रहे थे। तभी अचानक सियार ने हमला कर दिया। उनके पैर में काट लिया।  इसके बाद इसी सियार ने पिंजरा वमनपुरी गांव में 12 वर्षीय सुनील मौर्य पुत्र मोतीराम पर हमला किया। अन्य बच्चों पर भी सियार हमलावर हुआ। बच्चों के चीखने की आवाज सुनकर लोग जमा हो गए। इसके बाद सियार को घेरकर पीटकर मार डाला। इसकी सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जानकारी की। हालांकि सियार को मारने की पुष्टि वनकर्मी नहीं कर सके। वन दरोगा सोनी सिंह ने बताया कि एक बच्चे समेत दो लोगों पर सियार के हमले की जानकारी मिली थी। इस पर टीम रात में ही गांव गई थी। पता चला था कि ग्रामीणों ने सियार को पकड़ लिया था लेकिन बाद में छोड़ दिया। सियार को मारने की पुष्टि नहीं हो सकी है।

संबंधित समाचार