लखीमपुर खीरी : व्हाट्सएप ग्रुप पर महिला के लिए की आपत्तिजनक टिप्पणी, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, ग्रुप एडमिन भी हैं दोनों आरोपी


लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर के एलआरपी चौकी क्षेत्र में कुछ लोगों ने सोशल मीडिया के व्हाट्सएप ग्रुप पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर एक महिला की सामाजिक छवि धूमिल करने की कोशिश की, जिससे समाज के लोगों में काफी रोष व्याप्त है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एलआरपी चौकी क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि उनके पति सक्रिय राजनीति में हैं और समाज के प्रति समर्पित हैं। इसी कारण गजनी ओयल निवासी महिपाल सिंह और शहर की आवास विकास कॉलोनी निवासी शुभम चौहान उनके पति से ईर्ष्या और द्वेष रखते हैं। शनिवार को भी आरोपियों ने एलआरपी चौराहा के पास उनके पति के साथ विवाद किया और अभद्रता की। महिपाल सिंह और शुभम चौहान एक व्हाट्सएप ग्रुप चलाते हैं, जिसमें समाज के तमाम लोग जुड़े हुए हैं। पति से हुए विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने महिला के खिलाफ व्हाट्सएप ग्रुप पर आपत्तिजनक पोस्ट की और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे उसकी छवि खराब हो रही है।

पीड़ित महिला ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। महिला का आरोप है कि महिपाल सिंह और उसका परिवार आपराधिक प्रवृत्ति का है, और पूर्व में भी महिपाल के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। महिला ने महिपाल सिंह और उसके परिवार से जान-माल का खतरा भी जताया है। उन्होंने व्हाट्सएप चैट की प्रति पुलिस को सौंपी है।

पीड़ित महिला की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 353(3) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच एलआरपी चौकी इंचार्ज पशुपति नाथ तिवारी को सौंपी गई है। जांच के बाद प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी। - अंबर सिंह, शहर कोतवाल

संबंधित समाचार