अमरोहा : विद्यालय के पास दिखे दो तेंदुए, शिक्षक और छात्र सहमे...कमरों में हुए कैद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिक्षक और छात्र-छात्राओं में मचा हड़कंप, कुछ छात्र रोने लगे, पुलिस और वन विभाग की टीम विद्यालय पहुंची और छात्र-छात्राओं को घर भेजा

गजरौला (अमरोहा), अमृत विचार। गजरौला क्षेत्र के गांव खजूरी में शनिवार सुबह प्राथमिक विद्यालय के पीछे की दीवार पर दो तेंदुए दिखने पर शिक्षक व छात्र-छात्राओं में चीख पुकार मच गई। एक घंटे तक शिक्षक व विद्यार्थी कमरे में कैद रहे। डरे सहमे शिक्षकों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और वन विभाग की टीम विद्यालय पहुंची और छात्र-छात्राओं को घर भेजा गया। इस बीच तेंदुए जंगल की ओर निकल गए ।

प्रभारी अध्यापिका चंचन ने बताया कि शनिवार सुबह नौ बजे गांव खजूरी स्थित प्राथमिक विद्यालय के पीछे की दीवार से सटे दो तेंदुए खड़े दिखाई दिए। इन्हें देखकर शिक्षक और छात्र-छात्राओं में हड़कंप मच गया। सभी कमरों में कैद हो गए। इस दौरान डरे सहमे कुछ छात्र रोने लगे। करीब एक घंटे तक दोनों तेंदुए विद्यालय के पास मौजूद रहे।  शिक्षकों इसकी सूचना फोन पर पुलिस को दी।

इस बीच प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन   और वन विभाग के कर्मचारी वहां पहुंचे, लेकिन, तब तक तेंदुए जंगल की तरफ जा चुके थे। बाद में पुलिस ने घबराए शिक्षकों व छात्रओं से बात की । घटना की जानकारी के बाद छात्रों के अभिभावक भी पहुंच गए। वे अपने बच्चों को घर ले गए। विद्यालय में कुल 23 बच्चे पंजीकृत हैं, लेकिन शनिवार को 17 ही उपस्थित थे। वन विभाग के उपनिरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि पिंजरा लगा दिया गया है। जल्द ही तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।

येभी पढ़ें : अमरोहा : चरस की तस्करी करने वाले दो दोषियों को 10-10 साल की सजा, कोर्ट ने जुर्माना भी लगाया

 

 

संबंधित समाचार