Israel Attack on Lebanon : इजराइल ने हिजबुल्लाह पर फिर से शुरू किए हमले, लेबनानी नागरिकों से इमारतें खाली करने को कहा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

यरुशलम। इजराइल की सेना ने लेबनान में लोगों से उन मकानों और इमारतों को तुरंत खाली करने को कहा है जहां हिजबुल्लाह आतंकवादी समूह ने हथियार जमा कर रखे हैं। इजराइल ने कहा कि उसने आतंकवादी समूह के खिलाफ ‘‘व्यापक हमले’’ शुरू किए हैं। सीमा पर करीब एक साल से जारी संघर्ष और रविवार को विशेष तौर पर भारी गोलीबारी के बाद इस तरह की यह पहली चेतावनी दी गई है।

हिज्बुल्ला ने इजराइल के हालिया हमले में अपने एक शीर्ष कमांडर और कई लड़ाकों के मारे जाने के बाद बदले की कार्रवाई के तहत इजराइल के उत्तरी क्षेत्र को निशाना बनाकर 100 से अधिक रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन दागे थे। हमलों और जवाबी हमलों के कारण व्यापक युद्ध छिड़ने की आशंका बढ़ गई है जबकि इजराइल की गाजा में फलस्तीनी हमास के खिलाफ लड़ाई जारी है और वह सात अक्टूबर के हमले में बंधक बनाए गए कई बंधकों की वापसी की कोशिश कर रहा है।

हिजबुल्लाह ने ईरान समर्थित सहयोगी आतंकवादी समूह हमास और फिलिस्तीनियों के प्रति एकजुटता दर्शाने के लिए अपने हमलों को जारी रखने का संकल्प जताया है। इजराइली सेना के एक अधिकारी ने कहा कि इजराइल ने हवाई अभियानों पर ध्यान केंद्रित किया हुआ है और जमीनी हमले की उसकी तत्काल कोई योजना नहीं है। अधिकारी ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर बताया कि हमलों का उद्देश्य हिज्बुल्ला की इजराइल पर और अधिक हमले करने की क्षमता पर अंकुश लगाना है।

लेबनान की मीडिया की खबर के अनुसार निवासियों को संदेश मिले हैं जिसमें उनसे अगली सूचना तक ऐसी किसी भी इमारत से चले जाने का अनुरोध किया गया है जहां हिज्बुल्ला ने हथियार जमा कर रखे हैं। लेबनान की मीडिया के अनुसार, अरबी भाषा में लिखे संदेश में कहा गया है, ‘‘अगर आप ऐसी इमारत में हैं जहां हिज्बुल्ला ने हथियार रखे हैं तो अगली सूचना तक उस गांव को छोड़कर चले जाइए।’’ अभी यह तुरंत स्पष्ट नहीं है कि इजराइल के आदेश से कितने लोग प्रभावित हुए हैं।

हालांकि सीमा के दोनों ओर के समुदाय लगभग हर दिन होने वाली गोलीबारी के कारण क्षेत्र को खाली कर चुके हैं। इजराइल ने हिजबुल्लाह पर दक्षिण में पूरे समुदायों को आतंकवादी ठिकानों में बदलने का आरोप लगाया है, जहां छिपे हुए रॉकेट लांचर और अन्य बुनियादी ढांचे हैं। इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में फिर से हमले शुरू किए हैं जिसके तहत सोमवार को उसने यह चेतावनी दी। 

ये भी पढ़ें : Anura Dissanayake : हाशिए पर पड़ी जेवीपी में फूंकी जान, भ्रष्ट राजनीति से थक चुके लोगों में जगाई आस 

संबंधित समाचार