बिहार चुनाव: दूसरे चरण में 54.05 प्रतिशत मतदान
पटना। बिहार में कोरोना संक्रमण की तमाम चिंताओं के बीच दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव में भी मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और 54.05 प्रतिशत वोटरों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। इसके साथ ही भाजपा के नंदकिशोर यादव, जदयू के श्रवण कुमार और राजद के तेजस्वी प्रसाद यादव समेत …
पटना। बिहार में कोरोना संक्रमण की तमाम चिंताओं के बीच दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव में भी मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और 54.05 प्रतिशत वोटरों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
इसके साथ ही भाजपा के नंदकिशोर यादव, जदयू के श्रवण कुमार और राजद के तेजस्वी प्रसाद यादव समेत 1463 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बंद कर दिया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एच.आर.श्रीनिवास ने बताया कि राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, दूसरे चरण में 17 जिलों के 94 विधानसभा क्षेत्र में 41326 मतदान केंद्रों पर मंगलवार सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे समाप्त हो गया। इस दौरान 54.05 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने पर मुजफ्फरपुर जिले में सबसे अधिक 59.98 प्रतिशत मतदान हुआ वहीं पटना जिले में सबसे कम 48.23 प्रतिशत वोट पड़े।
श्रीनिवास ने बताया कि पश्चिम चंपारण जिले में 55.99 प्रतिशत, पूर्वी चंपारण में 56.75, शिवहर में 56.04, सीतामढ़ी में 57.40, मधुबनी में 52.67, दरभंगा में 54.15, मुजफ्फरपुर में 59.98, गोपालगंज में 55.09, सीवान में 51.88, सारण में 54.15, वैशाली में 51.93, समस्तीपुर में 56.02, बेगूसराय में 58.67, खगड़िया में 56.10, भागलपुर में 54.54, नालंदा में 51.06 और पटना जिले में 48.23 प्रतिशत मतदातओं ने मतदान किया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सुरक्षा कारणों की वजह से खगड़िया जिले के बेलदौर और अलौली विधानसभा क्षेत्र, दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान और गौड़ाबौराम विधानसभा क्षेत्र, मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर, पारू एवं साहेबगंज तथा वैशाली जिले के राघोपुर विधान सभा क्षेत्र में मतदान अपराह्न चार बजे समाप्त हो गया।
मतदान समाप्त होने पर बेलदौर में 53.73 प्रतिशत एवं अलौली में 57.62 प्रतिशत, कुशेश्वरस्थान में 55 प्रतिशत एवं गौराबौड़ाम में 52 प्रतिशत, मीनापुर में 55 प्रतिशत, पारू में 60 प्रतिशत और साहेबगंज में 56.52 प्रतिशत तथा राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में 54 प्रतिशत वोट पड़े हैं। श्री श्रीनिवास ने बताया कि वर्ष 2015 में विधानसभा चुनाव में इन 94 सीटों पर हुए मतदान में 56.17 प्रतिशत वोट पड़े थे।
उन्होंने बताया कि इस चुनाव में पश्चिम चंपारण जिले में 61.66 प्रतिशत, पूर्वी चंपारण में 58.80, शिवहर में 54.83, सीतामढ़ी में 55.76, मधुबनी में 53.05, दरभंगा में 53.47, मुजफ्फरपुर में 61.75, गोपालगंज में 56.58, सीवान में 54.39, सारण में 53.41, वैशाली में 56.44, समस्तीपुर में 57.12, बेगूसराय में 58.65, खगड़िया में 59.29, भागलपुर में 54.81, नालंदा में 53.22 और पटना जिले में 51.73 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि द्वितीय चरण के मतदान के दौरान रिजर्व सहित कुल 50115 कंट्रोल यूनिट, 73210 बैलेट यूनिट तथा 53853 वीवीपैट का इस्तेमाल किया गया है, जिनमें से 375 कंट्रोल यूनिट, 333 बैलेट यूनिट तथा 647 वीवीपैट मॉक पोल के दौरान बदले गए हैं। उन्होंने बताया कि मॉक पोल के बाद भी 152 कंट्रोल यूनिट, 219 बैलेट यूनिट और 540 वीवीपैट बदले गए हैं।
