बरेली: मालगाड़ी के छह कोच बेपटरी, स्टेशन मास्टर और गार्ड निलंबित
बरेली,अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के कासगंज-फर्रुखाबाद रेल खंड में मंगलवार तड़के एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई। लोको पायलट ने मंडल कार्यालय में सूचना दी कि मालगाड़ी के छह कोच पटरी से उतर गए है। सूचना मिलते ही अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में डीआरएम समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे। डिरेल हुए …
बरेली,अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के कासगंज-फर्रुखाबाद रेल खंड में मंगलवार तड़के एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई। लोको पायलट ने मंडल कार्यालय में सूचना दी कि मालगाड़ी के छह कोच पटरी से उतर गए है। सूचना मिलते ही अफरातफरी मच गई।
आनन-फानन में डीआरएम समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे। डिरेल हुए सभी कोचों को हटाने का कार्य किया गया। इसकी वजह से गांधीधाम एक्सप्रेस का रूट भी डायवर्ट करना पड़ा। उसे फर्रुखाबाद-शिकोहाबाद होते हुए भेजा गया। मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अनूप कुमार सिंह ने माल गाड़ी के गार्ड एवं सहायक स्टेशन मास्टर पटियाली को निलंबित कर दिया है।
इज्जतनगर मंडल अधिकारियों के मुताबिक गंजडुंडवारा से पटियाली के सुबह करीब 4 बजकर 10 मिनट पर मालगाड़ी के छह कोच अचानक पटरी से उतर गए।
सूचना मिलते ही इज्जतनगर मंडल से अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अजय वार्ष्णेय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (द्वितीय) एके सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी एनके जोशी, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सवारी एवं माल डिब्बा) नवीन कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर आशीष सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत (टीआरडी) सतेन्द्र सिंह घटना स्थल पर 7.45 बजे पहुंच गए। मामले में इज्जतनगर मंडल के डीआरएम आशुतोष पंत ने जांच के आदेश जारी किए हैं।
