रामपुर : एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को चार हजार की रिश्वत लेते पकड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लेखपाल ने अपने आवास पर बुलाया था काश्तकार, मेडिकल के बाद आरोपी लेखपाल को कोतवाली ले गई टीम

रामपुर,अमृतविचार। तहसील के भीतर एंटी करप्शन की टीम ने एक किसान से घूस लेते हुए लेखपाल को रंगे हाथ पकड़ लिया। पीड़ित से पूछताछ के बाद टीम लेखपाल को कोतवाली ले गई और उसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई।

कोतवाली क्षेत्र के गांव नवाबगंज निवासी दीपक डोबाल खेती करता है। करीब डेढ़ माह पूर्व उसके पिता दीवान सिंह डोबाल का देहांत हो गया था। उसे वारिसान बनवाना था। इसके लिए उसने लेखपाल केवेंद्र से संपर्क किया और वारिसान बनाने की गुहार लगाई। लेकिन लेखपाल कई दिन तक टाल-मटोल करता रहा। ज्यादा पीछा करने पर लेखपाल ने दीपक डोबाल से रिश्वत की मांग की। मामला साढ़े 6 हजार में तय हो गया।

पीड़ित ने काफी परेशान हो जाने के बाद एंटी करप्शन से संपर्क किया। वहां पूरी तैयारी होने के बाद गुरुवार को पीड़ित तहसील पहुंचा। उसने लेखपाल को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 4 हजार रुपये दे दिए। रुपये लेकर जैसे ही लेखपाल ने अपनी जेब में रखे, तभी तहसील में खड़ी एंटी करप्शन की टीम ने लेखपाल और रिश्वत देने वाले दोनों को दबोच लिया। पूछताछ के बाद दोनों को कोतवाली ले आई।

लेखपाल का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। एंटी करप्शन ब्यूरो के उपनिरीक्षक इश्तियाक अहमद ने पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि लेखपाल के विरुद्ध जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस मामले की जांच और कार्रवाई एंटी करप्शन टीम द्वारा की जाएगी।

ये भी पढ़ें : रामपुर: महिला से दुष्कर्म का आरोपित दुग्ध संघ का अध्यक्ष गिरफ्तार, रुद्रपुर पुलिस ने चाकू बाजार से पकड़ा 

संबंधित समाचार