बिजली के खंभे में उतरा करंट बस कंडक्टर की मौत : लेसाकर्मियों की लापरवाही से हुआ हादसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार: विद्युत् विभाग की लापरवाही के चलते शुक्रवार की भोर में एक बस कंडक्टर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक कंडक्टर बैरहना स्थित कब्रिस्तान के सामने सड़क के दूसरी तरफ खड़ी बस की सफाई करने के लिए बाल्टी में पानी भरकर लौट रहा था।

उस दौरान सड़क पर बने डिवाइडर के बीच लगी स्ट्रीट लाइट के खंभे को पकडकर वह सड़क पार कर रहा था और खंभे में करंट उतरने के कारण वह चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस कंडक्टर को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन कंडक्टर की मौत हो चुकी थी। बस ड्राइवर से पूछताछ में पता चला कि कंडक्टर का नाम दादू (40) था।

वह मध्यप्रदेश के मनगवां थाने के नीबी गांव का रहने वाला है। वह टूरिस्ट बस में कंडक्टर का काम करता था। दो दिन पहले वह यहां पर बस के साथ आया था। उधर, पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

संबंधित समाचार