शाहजहांपुर: भाजपा मंडल अध्यक्ष पर फायरिंग के दो आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

थाना मदनापुर गेट पर 23 सितंबर को दो पक्षों में बीच-बचाव के दौरान हुई थी घटना

शाहजहांपुर, अमृत विचार। मदनापुर थाने के गेट पर 23 सितंबर को भाजपा मंडल अध्यक्ष पर फायर करने के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग में भाजपा मंडल अध्यक्ष बाल बाल बच गए थे।

मदनापुर निवासी सत्येंद्र सिंह का इस्माइलपुर निवासी लाल सिंह उर्फ लाली, हरसिमरन सिंह लाड़ी से कंबाइन और रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। 23 सितंबर को मामले में बातचीत के लिए दोनों पक्षों को थाने में बुलाया था। दोनों पक्ष थाने पहुंचे लेकिन उन लोगों में थाने गेट पर ही विवाद हो गया। तभी उधर से निकल रहे भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय सिंह बीच-बचाव करने पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान हरसिमरन सिंह पक्ष ने मंडल अध्यक्ष के ऊपर लाइसेंसी रायफल से फायर कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने सत्येंद्र सिंह तहरीर पर थाना मदनापुर के गांव कुदैया निवासी हरसिमरन सिंह,  गुरबक्श सिंह, जज सिंह, थाना खुदागंज के गांव बक्शापुर निवासी भूपेन्द्र सिंह उर्फ बिन्दा, कर्मजीत सिह उर्फ कर्मवीर सिह, थाना खुदागंज के गांव पच्चड़ निवासी शरदवीर सिह उर्फ सन्जू व दो- तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में वांछित खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव बक्शापुर निवासी कर्मजीत सिंह और गांव पच्चड़ निवासी शरदवीर सिंह को कचहरी तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार