कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव : वोटर लिस्ट पर गरमाई राजनीति, भाजपा हुई हमलावर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रदेश अध्यक्ष के सपा नेताओं पर बयान के बाद स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधि व पदाधिकारियों के निशाने पर सपा

मुरादाबाद, अमृत विचार। कुंदरकी विधानसभा उप चुनाव की तारीखों की घोषणा भले ही नहीं हुई है। लेकिन, जिले में वोटर लिस्ट पर राजनीति गरम है। सपा के वोटरों के नाम काटे जाने के दावे को प्रशासन के द्वारा खारिज करने के बाद भाजपा हमलावर है। एक दिन पूर्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने प्रकरण में सपा नेताओं को निशाने पर रखते हुए कहा था कि सपा का संवैधानिक संस्थाओं पर कोई भरोसा नहीं है। इनका केवल निगेटिव एजेंडा है। वहीं अब स्थानीय भाजपा नेता भी सपा पर मुखर होकर इस मुद्दे पर घेरने में लगे हैं।

पिछले दिनों समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक हाजी रिजवान द्वारा समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ वोट कटने को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया था। जिसमें जिला प्रशासन ने जांच कर बुधवार को अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया था कि सपा के पूर्व विधायक द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं। इसके बाद से भाजपा सपा पर हमलावर है। कुंदरकी विधानसभा उप चुनाव से पहले भाजपा सपा को इस मुद्दे पर घेरने में लगी है। शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि ने भी कहा कि भाजपा प्रदेश में होने वाले विधानसभा के उप चुनाव में सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

वहीं भाजपा के जिलाध्यक्ष आकाश पाल का कहना है कि सपा का काम केवल झूठा आरोप लगाना है। उनके दावे को खुद जिला प्रशासन ने नकार कर जांच में गलत साबित कर दिया है। इससे सपा के नेता बेनकाब हो गए हैं। भाजपा मुद्दों व जनहित, जन कल्याण की राजनीति करती है। इसलिए जनता उसका समर्थन कर चुनाव में जीत दिलाती है। कुंदरकी विधानसभा में भाजपा की जीत होगी।

कुंदरकी उपचुनाव में जुटी कांग्रेस, 15 को होगा सम्मलेन
उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। जिसमें जनपद की कुंदरकी विधानसभा भी शामिल है। कुंदरकी विधान सभा पर उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के साथ कांग्रेस भी अपनी तैयारियों में लगी है। जिसके लिए कांग्रेस द्वारा कई नेताओं को जिम्मेदारी भी दी गई है। कुछ दिन पहले कांग्रेस ने उपचुनाव में चुनाव लड़ने के ईच्छुक नेताओं के बायोडाटा भी लिया है। जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद ने बताया कि कुंदरकी उपचुनाव में पार्टी हाईकमान के आदेश पर तैयारियां की जा रही है। उन्होंने बताया कि आगामी 15 अक्टूबर को कुंदरकी में कांग्रेस का एक बड़ा सम्मेलन होने जा रहा है। जिसमें सीतापुर के राकेश राठौर व अन्य बड़े नेता शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : उत्तराखंड से जुड़े हैं खनन माफिया के तार, सिंडीकेट तोड़ना प्रशासन के लिए चुनौती

संबंधित समाचार