बहराइच: एसपी की गठित टीम ने जुए के फड़ पर मारा छापा, एक दर्जन जुआरी गिरफ्तार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिला पंचायत सदस्य के कारखाने में चल रहा था जुए का खेल, नगर कोतवाल लाइन हाजिर 

बहराइच, अमृत विचार। कोतवाली नगर क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य के कारखाने में जुए का खेल चल रहा था। नगर कोतवाल को बिना बताए पुलिस अधीक्षक की तरफ से गठित की गई टीम ने छापेमारी कर एक दर्जन जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से नकदी और बाइक भी बरामद हुई है। एसपी ने जानकारी छुपाने और अन्य मामलों में शिथिलता पर नगर कोतवाल को लाइन हाजिर कर दिया है।

कोतवाली नगर के मोहल्ला नाजिरपुरा में वार्ड नंबर 31 के जिला पंचायत सदस्य चुन्नन गोगा का कारखाना संचालित है। इसी कारखाने में प्रतिदिन जुए का खेल होता है। लेकिन बशीरगंज चौकी इंचार्ज नेपाल सिंह और कोतवाल नगर मनोज कुमार पांडेय की तरफ से कोई कार्यवाई नहीं की जा रही थी। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला को हुई तो उन्होंने टीम गठित की। ट्रेनी सीओ हर्षिता तिवारी की अगुवाई में कोतवाल देहात परमानंद तिवारी और एसओजी प्रभारी दिवाकर की टीम ने रात 10 बजे कारखाना में छापेमारी कर दी। पुलिस ने मौके से लगभग एक दर्जन जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें कोतवाली ले आई।

वहीं जिला पंचायत सदस्य के कारखाने में चल रहे जुए के खेल में शिथिलता बरतने के मामले में एसपी ने नगर कोतवाल मनोज कुमार पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया है। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। उधर चौकी इंचार्ज पर भी कार्रवाई की तलवार लटक गई है।

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर: भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली को मारी टक्कर, 10 की मौत

संबंधित समाचार