रामपुर : घरेलू कलह से तंग आकर किसान ने फंदे से लटक कर दी जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा

जिला अस्पताल में बैठे मृतक के शोक संतृप्त परिजन।

रामपुर, अमृत विचार। घरेलू कलह से तंग आकर किसान ने पेड़ पर फंदे से लटक कर जान दे दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शुक्रवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जिला बरेली के थाना मीरगंज के गांव खमड़िया निवासी 45 वर्षीय थान सिंह  किसान था। करीब 20 वर्ष पहले उसकी शादी मिलक के गांव दुलीचंदपुर निवासी हीराकली से हुई थी। शादी के बाद से परिवार में सब कुछ ठीक चल रहा। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले महिला ससुराल से अपने मायके आ गई थी। उसके बाद वह मायके से कुछ दूरी पर स्थित अपनी ननिहाल में रह रही थी। आठ दिन पहले उसका पति थान सिंह भी पत्नी की ननिहाल आ गया था। उसके बाद वह वहीं पर रह रहा था। गुरुवार देर शाम को वह अचानक घर से गायब हो गया। उसके बाद परिजनों ने थान सिंह के शव को ननिहाल से कुछ दूरी पर एक पेड़ पर लटका देखा। जिसके बाद परिजन सकते में आ गए।

रात करीब करीब 11 बजे सूचना मिलने के बाद मिलक पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जहां जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी आ गए। शुक्रवार को दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम हो सका और शव थान सिंह के परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
 
पति-पत्नी में चल रही थी अनबन
मृतक थान सिंह के परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले उसकी पत्नी हीरकली से किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी। जिसके बाद वह अपने मायके आ गई थी। आठ दिन पहले उनका बेटा थान सिंह उसको बुलाने के लिए उसकी ननिहाल आया था। लेकिन वहां पर क्या हुआ इस बात की जानकारी नहीं है। मौत होने की खबर मिली। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक के दो बच्चे हैं।

पत्नी से अनबन के चलते ग्रामीण ने पेड़ पर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलने के बाद शव को  पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। तहरीर के मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होंगी। - धनंजय सिंह, थाना प्रभारी मिलक 

ये भी पढ़ें : रामपुर : मेडिकल संचालक ने खांसी की जगह दे दिया कीड़े मारने का सिरप, बालक की हालत बिगड़ी 

संबंधित समाचार