Indian Railway: नए साल पर कानपुर से लखनऊ चलेंगी कई मेमू...कानपुर सेंट्रल से भेजा गया प्रस्ताव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ-प्रयागराज मंडल में चल रही बातचीत

कानपुर, अमृत विचार। नए साल पर कानपुर से लखनऊ और लखनऊ से कानपुर के बीच कई मेमू चलेंगी। मेमू के संचालन को लेकर प्रयागराज मंडल और लखनऊ के बीच बातचीत चल रही है। सेंट्रल स्टेशन से पहले ही प्रयागराज मंडल को प्रस्ताव भेजा जा चुका है जिसमें पहले जैसी संचालन व्यवस्था रखने का जिक्र हुआ है। सब ठीक रहा तो नए साल से पहले मेमू की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। 

कानपुर से लखनऊ के लिए आने व जाने वाले यात्रियों की संख्या हर दिन काफी होती है। बीच के स्टेशनों तक सफर करने वाले यात्रियों की संख्या भी बहुत है जिसमें उन्नाव प्रमुख है। सफर करने वालों में ज्यादातर नौकरी पेशा और छात्र-छात्राएं हैं। जिन्हें रोज आना व जाना होता है।

कोरोना से पहले कानपुर और लखनऊ के बीच चार जोड़ी ट्रेनें संचालित होती थीं, जिसकी शुरूआत सेंट्रल से सुबह 5.30 बजे से हो जाती थी। साढ़े छह, सात और आठ बजे से लेकर हर घंटे ट्रेन होती थी। इसी तरह लखनऊ से भी ट्रेनों का संचालन होता था।

कोरोना काल के बाद केवल दो जोड़ी मेमू ही चल रही हैं। दोपहर के समय एक इंटरसिटी भी जाती है, मगर इसका संचालन प्रभावित रहता है। समय से नहीं पहुंच पाती है। परेशानियों के कारण एमएसटी धारकों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों ने भी रेलवे को कई बार पत्र लिखा है।

सेंट्रल स्टेशन से भी प्रयागराज मंडल को मेमू और थ्री फेज (नई मेमू) का प्रस्ताव भेजा गया है। इस बारे में एसीएम संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कानपुर-लखनऊ के बीच मेमू के संचालन को लेकर लखनऊ और प्रयागराज मंडल के बीच बात चल रही है।

जनवरी से पहले पूर्व की तरह मेमू संचालित हो सकती हैं। जिसमें कई ट्रेनें सेंट्रल की जगह गोविंदपुरी व पनकीधाम स्टेशन से भी चलने की संभावना है। जिससे शहर के दूसरे छोर से आने वाले यात्रियों को भी मेमू का लाभ मिल सके। उन्हें स्टेशन तक आने के लिए परेशान न होना पड़े।

संबंधित समाचार