मुरादाबाद : गला दबाकर मजदूर की हत्या, प्लॉट में मिला शव...पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/भोजपुर/अमृत विचार। जनपद के भोजपुर थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उसका शव प्लाट में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराई। मृतक की पहचान पड़ोसी गांव बीजना निवासी सत्येंद्र कुमार के रूप में हुई। सतेंद्र मंगलवार रात से गायब था। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं युवक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा है।

थाना भोजपुर के बीजना निवासी सत्येंद्र कुमार मजदूरी करता था। उसका बड़ा भाई राजवीर फैक्टरी में काम करता है। बताया गया कि मंगलवार की सुबह सत्येंद्र रोज की तरह मजदूरी करने गया था। शाम को वह घर वापस आ गया। कुछ देर घर में रुकने के बाद वह दोबारा पड़ोसी गांव खानपुर चला गया था। वहां से शराब खरीदने के बाद वह गांव आ गया था। मंगलवार रात लगभग 10:00 बजे तक उसे गांव में ही देखा गया था। बुधवार की सुबह लगभग 6:30 बजे खानपुर स्थित एक प्लाट में उसका शव पड़ा मिला। उसके सिर, हाथ, पैर पर चोटों के निशान थे, जबकि मुंह से खून बह रहा था। 

इसके अलावा उसके गले पर भी चोटों के निशान थे। इसकी जानकारी मिलने पर मां फूलवती, भाई राजवीर, बहन कमलेश, प्रवेश एवं उपासना भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी शरद मलिक ने बताया कि मृतक के तहेरे भाई वीरू यादव की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि पुलिस टीम हत्याकांड के खुलासे के लिए लगा दी गई हैं। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

येभी पढ़ें : मुरादाबाद: चीखता रहा युवक, फिर भी युवती दौड़ा-दौड़ाकर पीटती रही, सड़क पर मची अफरा-तफरी, जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार