कानपुर में नगर निगम व पुलिस बल अतिक्रमण गिराने पहुंचा: टीम को देखते ही दुकानदारों में मचा हड़कंप, व्यापारियों ने जाम को लेकर की थी शिकायत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर स्थित शोभनाथ मंदिर के रास्ते में हुये कच्चे-पक्के अतिक्रमण नगर निगम की टीम ने ढहा दिये। गुरुवार को डीसीपी, एसीपी और स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे नगर नगम अधिकारियों ने 2 पक्की दुकानों के साथ ही 27 पक्के चबूतरे और 48 आस्थाई अतिक्रमण गिरा दिये।

सुबह 10 बजे से शुरू हुआ अभियान देर शाम तक चलता रहा। अब मंदिर तक जाने वाला मार्ग चौड़ा किया जायेगा, ताकि दर्शन करने वाले श्रद्धालु आसानी से बाबा शोभनाथ के दर्शन कर सकें। 

कल्याणपुर क्रासिंग मार्ग पर गुरुवार सुबह जैसे ही नगर निगम दस्ता पहुंचा व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सहायक नगर आयुक्त संतोष यादव व अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव के नेतृत्व में नगर निगम के दस्ते ने स्थानीय पुलिस बल के सहयोग से अतिक्रमण हटाना शुरू किया।

बुलडोजर को देखकर फुटपाथ तक कब्जा किये दुकानदार खुद ही पीछे हटने लगे। यहां मंदिर जाने वाले मार्ग पर दो पक्की दुकाने बनी हुई थीं। जिसे खाली करने के लिये नगर निगम ने समय दिया, दुकाने खाली होते ही बुलडोजर ने निर्माण को धराशायी कर दिया।

इसके बाद दस्ता आगे बढ़ा तो फुटपाथ व सड़क तक बने पक्के चबूतरों को भी बुलडोजर ने तोड़ दिया। मंदिर व आस-पास की जमीन पर 48 आस्थाई कब्जे भी थे, जिन्हें नगर निगम अधिकारियों ने हटवा दिया। पूरे दिन चले अभियान के दौरान मंदिर तक जाने वाले रास्ते को खाली करवा दिया गया।

जोनल अधिकारी रविशंकर यादव ने बताया कि मंदिर पौराणिक है जहां लोगों को आना जाना रहता है। आस्थाई दुकानों की वजह से श्रद्धालु दर्शन करने नहीं आ पाते थे जिससे लगातार शिकायतें आ रहीं थीं। इसपर ही कार्रवाई की गई है। इस दौरान प्रवर्तन प्रभारी कर्नल आलोक नारायण अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। 

Kalyanpur Encorachment 2

नोटिस न देने पर हंगामे की कोशिश

भियान के दौरान कई दुकानदारों ने कहा कि नगर निगम ने कोई नोटिस नहीं दी और आकर दुकानें तोड़ना शुरू कर दिया। इसपर सहायक नगर आयुक्त संतोष यादव ने कहा कि नगर नगम की जमीन पर कब्जा किये हैं इसकी कोई नोटिस नहीं दी जाती है, पहले सूचना दी जा चुकी थी। अगर लोग विरोध करेंगे तो कानूनी कार्रवाई की जायेगी। विजय सिंह की कुछ प्राइवेट लैंड हैं उनसे हमने रास्ता मांगा है, अगर वह दे देंगे तो मंदिर जाने वाला मार्ग चौड़ा हो जायेगा।

ये भी पढ़ें- Sisamau By-Election: सीसामऊ से टिकट मिलने के बाद रो पड़ी नसीम सोलंकी, बोली- अब बहुत बड़ी जिम्मेदारी आई, इरफान को बार-बार करती रही याद

 

संबंधित समाचार