बदायूं: घर के बाहर सो रहे लोगों पर तलवार से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुंवरगांव,बदायूं,अमृत विचार। एक व्यक्ति ने घर पर सो रहे एक बच्चे समेत तीन लोगों पर तलवार से जानलेवा हमला किया। ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी को जेल भेजा। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। 

मामला थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव औरंगाबाद का है। बुधवार रात लगभग एक बजे कस्बा कुंवरगांव निवासी सोहनपाल पुत्र बेनीराम तलवार लेकर घूम रहा था। उसने जान से मारने की नीयत से घर के बाहर सो रहे कस्बा निवासी पप्पू रस्तोगी पुत्र राजेंद्र पर तलवार से हमला करके घायल कर दिया। जिसके बाद सोहनपाल पास के गांव औरंगाबाद खालसा पहुंच गया। जहां आंगन में सो रहे रमाशंकर पुत्र श्याम बिहारी आठ साल के अनिल पुत्र राजपाल पर भी तलवार से जानलेवा हमला किया। रमाशंकर का जबड़ा कटा गया। अनिल के सिर में तलवार लगी। हमला करने के बाद आरोपी भाग गया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। रमाशंकर की हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर किया गया है। अनिल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हमला करने के बाद हमलावर पास में ही बने मैंथा प्लांट में जाकर छिप गया। तलाश कर रहे ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया। साथ ही सूचना देकर पुलिस को बुलाया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलवार से वार करने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। युवक नशेड़ी किस्म का बताया जा रहा है जो इधर-उधर घूमता रहता है। दीनदयाल पुत्र रामेश्वर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। तलवार बरामद करके जेल भेजा है। थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि युवक ने तीन लोगों पर तलवार से हमला किया था। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जेल भेजा गया है।

यह भी पढ़ें: उपभोक्ताओं को राहत, पांचवें साल भी नहीं बढ़े बिजली के दाम

संबंधित समाचार