बरेली: श्रीराम मंदिर बनने के साथ नई अयोध्या का हो रहा निर्माण
सिद्धार्थ भारद्वाज, बरेली। श्रीराम का भव्य मंदिर बनने के साथ नई अयोध्या का निर्माण हो रहा है। कोई भी हिंदू यह न सोचे कि वह रामलला के कार्य में हाथ नहीं बंटा सका। प्रत्येक हिंदू के सहयोग से मंदिर का निर्माण होगा। जल्द ही कारसेवा का कार्य शुरू किया जाएगा। यह कहना है संत समाज …
सिद्धार्थ भारद्वाज, बरेली। श्रीराम का भव्य मंदिर बनने के साथ नई अयोध्या का निर्माण हो रहा है। कोई भी हिंदू यह न सोचे कि वह रामलला के कार्य में हाथ नहीं बंटा सका। प्रत्येक हिंदू के सहयोग से मंदिर का निर्माण होगा। जल्द ही कारसेवा का कार्य शुरू किया जाएगा। यह कहना है संत समाज समिति और गंगा सेवा समिति के राष्ट्रीय महामंत्री दंडी स्वामी जितेन्द्रानंद सरस्वती महाराज का।
गुरुवार देर शाम सरस्वती महाराज अलखनाथ मंदिर के पास निवासी उत्तर प्रदेश राज्य उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड के निदेशक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा के निवास पहुंचे। वह दिल्ली जाते समय कुछ देर के लिये यहां रुके थे।
यहीं पर सरस्वती महाराज ने रामलला के गर्भगृह में विराजमान होने से लेकर देश और विश्व में धार्मिक कट्टरता के बढ़ते मामलों पर अपनी राय ‘अमृत विचार’ से साझा की। इस दौरान उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण में दान देने के लिये यदि किसी भक्त के पास धन नहीं है तो वह भी कार सेवा कर सकते हैं। इसके लिए जल्द ही वाहनों की भी व्यवस्था की जा रही है।
मंदिर निर्माण कब तक पूरा होगा के सवाल पर उन्होंने बताया कि मैं इंजीनियर नहीं, यह तो वही बता पाएंगे लेकिन सभी संत समाज की यही अभिलाषा है कि 2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव रामलला अपने गर्भगृह में विराजमान होकर देखें।
सरस्वती महाराज बताते हैं कि प्रदेश में जब से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार है और राजस्थान में वसुंधरा राजे की सरकार थी तब नवंबर 2017 से 2018 तक रिकार्ड 80 ट्रक लाल पत्थर के अयोध्या पहुंचे थे। जब से राजस्थान में गहलोत की सरकार आई है तब से लाल पत्थर पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
अयोध्या में रामलला का मंदिर बनने के बाद मथुरा और काशी के मंदिरों के बारे में जब सरस्वती महाराज से पूछा, तब उन्होंने कहा कि जब तक रामलला का मंदिर पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक संत समाज कोई अन्य मांग नहीं करेगा।
इस मौके पर महंत जितेन्द्रानंद सरस्वती से शहर विधायक डा. अरुण कुमार ने आशीर्वाद लिया। इस दौरान भाजपा जिलामंत्री अंकित शुक्ला, भाजपा वरिष्ठ नेता दक्ष शर्मा, मनीष अग्रवाल, नरेश कश्यप, सुरेंद्र गंगवार, प्रदीप आदि मौजूद रहे।
फ्रांस का कर रहे बायकाट, चीन पर लिख रहे पीएम को खत
देश विदेशों में बढ़ रही धार्मिक कट्टरवाद पर सरस्वती महाराज ने कहा कि फ्रांस में जब यह सब शुरू हुआ तो हमारे देश के मुसलमानों ने फ्रांस का बायकाट करना शुरू कर दिया। वहीं, अब जब चीन में मामला सामने आया है तो देवबंद से प्रधानमंत्री को पत्र लिख इसका विरोध करने की मांग की है।
सद्भावना दोनों ओर से जरूरी, लोग जागरूक हुए
मथुरा के मंदिर में मुस्लिम समाज के युवकों द्वारा नमाज अदा करने और अब मस्जिद में हिंदू युवाओं के हनुमान चालीसा का पाठ करने से बढ़ रही धार्मिक कट्टरवाद पर संत समाज समिति के राष्ट्रीय महामंत्री दंडी स्वामी जितेन्द्रानंद सरस्वती महाराज कहते हैं कि अगर सद्भावना के लिए मंदिर में नमाज पढ़ना उपयुक्त माना जा सकता है तो मस्जिद में हनुमान चालीसा और आरती करना भी जायज है।
