रक्षा मंत्री ने अरुणाचल प्रदेश में 18 BRO परियोजनाओं का किया उद्घाटन, 3 सड़कें, 14 पुल और एक हेलीपैड शामिल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ईटानगर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की 75 परिवर्तनकारी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन किया। इनमें से 18 परियोजनाएं अरुणाचल प्रदेश में स्थित हैं, जिनमें तीन प्रमुख सड़कें, 14 पुल और एक हेलीपैड शामिल हैं।

अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के.टी. परनाइक ने भी ईटानगर से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया। राज्यपाल ने राज्य और राष्ट्र दोनों के लिए इन परियोजनाओं के रणनीतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, ‘‘इन परियोजनाओं के पूरा होने से राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती मिलेगी, सतह और हवाई संपर्क में सुधार होगा और राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।’’

परनाइक ने इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिए अरुणाचल प्रदेश की जनता की ओर से केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन बुनियादा ढांचा परियोजनाओं से सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा, विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में।

इस बीच, अरुणाचल प्रदेश के कानून एवं न्याय मंत्री केंटो जिनी ने पश्चिमी सियांग जिले के आलो में व्यक्तिगत रूप से उद्घाटन समारोह में भाग लिया और इस बात पर जोर दिया कि इन परियोजनाओं से राज्य की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के भविष्य को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें- Actor Siddique: दुष्कर्म मामले की जांच के सिलसिले में एसआईटी ने फिर की अभिनेता सिद्दीकी से पूछताछ

संबंधित समाचार