बरेली: पति के थे अवैध संबंध, इसलिए रास्ते से हटा दिया
बरेली,अमृत विचार। 20 दिनों की लुकाछिपी और भागदौड़ के बाद इज्जतनगर पुलिस ने कर्मचारी नगर के प्रवक्ता अवधेश की हत्यारोपी पत्नी विनीता को शुक्रवार मिनी बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्त में आने पर वह गुमराह करती रही लेकिन बाद में अपना गुनाह कबूल लिया। उसने पति के अवैध संबंध होने की कहानी पुलिस …
बरेली,अमृत विचार। 20 दिनों की लुकाछिपी और भागदौड़ के बाद इज्जतनगर पुलिस ने कर्मचारी नगर के प्रवक्ता अवधेश की हत्यारोपी पत्नी विनीता को शुक्रवार मिनी बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्त में आने पर वह गुमराह करती रही लेकिन बाद में अपना गुनाह कबूल लिया।
उसने पति के अवैध संबंध होने की कहानी पुलिस को बताई और कहा कि इसी के चलते उसने अपने प्रेमी अंकित के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटा दिया। उसने कहा कि अवधेश सिंह को मैंने नहीं मारा। बल्कि उसके प्रेमी अंकित ने अपने दोस्तों के साथ अवधेश की हत्या कर दी। अंकित 12 अक्टूबर को अपने दोस्तों के साथ बरेली आया था। उस दिन मुझे नहीं पता था कि वे लोग मेरे पति की हत्या कर देंगे। यह देखकर मैं डर गई थी और चुपचाप रही। वे लोग मुझसे जो भी कहते रहे मैं वही करती रही।
इसके बाद उसके बयान दर्ज कर वारदात के बारे में जानकारी जुटाई। अब पुलिस वारदात में शामिल फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। महिला को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।
बता दें कि कर्मचारी नगर निवासी अवधेश सिंह कुंवर ढाकन लाल इंटर कॉलेज में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत थे। 12 अक्टूबर की रात उनकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद कातिल शव को गाड़ी में रखकर फिरोजाबाद ले गए। वहां पहले शव को खेत में दफनाया गया। बाद में शव को निकालकर उसपर तेजाब डालकर जलाया गया।
बेटे से जब तीन दिन मां अन्नपूर्णा की बात नहीं हई तो वह बरेली आई और पुलिस से मामले की शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसके बाद शिक्षक की मां की तहरीर पर पुलिस ने उनके बेटे की पत्नी विनीता सिंह, उसकी बहन ज्योति सिंह, भाई प्रदीप जादौन, पिता अनिल फौजी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस ने इस मामले में फिरोजाबाद के हिस्ट्रीशीटर शेर सिंह उर्फ चीकू को हिरासत में लिया। चीकू ने अवधेश की हत्या की बात स्वीकार की और अपने दोस्त पप्पू और भोला पर भी हत्या का आरोप लगाया। पप्पू जाटव को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी विनीता सिंह को हिरासत में ले लिया। उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
चार माह पहले हुए थे प्रेम संबंध
विनीता ने पुलिस को बताया कि उसके पति अवधेश सिंह की दोस्ती आगरा के रहने वाले अंकित से थी। अंकित से चार महीने पहले उसके प्रेम संबंध हो गये थे। इसके बाद प्रेमी ने ही अवधेश की हत्या की प्लानिंग की थी। इसकी तैयारी कई दिनों से की जा रही थी।
इनकी होनी है अभी गिरफ्तारी
अवधेश हत्याकांड में मृतक के ससुर अनिल फौजी, उनकी साली ज्योति सिंह, साले प्रदीप जादौन, प्रेमी अंकित और हत्या में शामिल भोला सिंह अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम मध्य प्रदेश तक में दबिश दे रही है। इन सबके खिलाफ पुलिस ने गैर जमानती वारंट भी जारी करवा लिए हैं।
ऐसे मिली विनीता की सूचना
विनीता पुलिस के हत्थे ऐसे ही नहीं चढ़ गई। उसे पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ा है। उसके फोटोग्राफ अखबारों की खबरों के साथ सोशल मीडिया पर भी चल रहे थे। इस तरह की जघन्य वारदात में उसके शामिल होने की वजह से किसी व्यक्ति ने जब उसे देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
बच्चे को ऊपर भेज दिया था
जब विनीता ने अपनी बहन, प्रेमी अंकित और चार कातिलों के साथ मिलकर पति अवधेश की हत्या की थी तो घर में उसका सात साल का बेटा भी था। बेटा राज न खोल दे, इसके लिए वह अपने बेटे को छत की पहली मंजिल पर बहाने से लेकर गई थी और उसे वहीं छोड़ दिया था। विनीता पुलिस को लगातार गुमराह कर रही है और अभी पूरी सच्चाई नहीं बता रही है।
