मुरादाबाद: मंडी में 35 रुपये किलो बिकी प्याज, बाजार में कीमतें बेकाबू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मंडी समिति की तरफ से सस्ती दर में प्याज, आलू व टमाटर उपलब्ध कराने के लिए लगाए स्टॉल पर दूसरे दिन भीड़ रही। आलम यह था कि स्टॉल पर उपलब्ध स्टॉक दोपहर एक बजे तक ही खत्म हो गया था। बाजार की अपेक्षा स्टॉल पर शुक्रवार को 35 रुपये किलो प्याज, 30 …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मंडी समिति की तरफ से सस्ती दर में प्याज, आलू व टमाटर उपलब्ध कराने के लिए लगाए स्टॉल पर दूसरे दिन भीड़ रही। आलम यह था कि स्टॉल पर उपलब्ध स्टॉक दोपहर एक बजे तक ही खत्म हो गया था। बाजार की अपेक्षा स्टॉल पर शुक्रवार को 35 रुपये किलो प्याज, 30 रुपये किलो आलू और 25 रुपये किलो टमाटर बेचे गए। जबकि बाजार में अभी भी प्याज, आलू की कीमत दो से तीन गुना तक अधिक है।

बाजार में प्रतिदिन प्याज, आलू और टमाटर के दामों में बढोत्तरी हो रही है। ऐसे में महंगाई की मार लोगों पर पड़ रही है। गरीब तबके के लोगों की पहुंच से तो प्याज, आलू और टमाटर दूर हो गए हैं। ऐसे में लोगों को राहत देने के लिए शासन के आदेश के बाद मंडी समिति में प्याज, आलू, टमाटर का स्टॉल खोला गया। पहले दिन जहां स्टॉल पर ग्राहक कम थे, वहीं दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह दस बजे से पहले ही लोगों की भीड़ स्टॉल पर उमड़ पड़ी।

भीड़ के कारण स्टॉल पर उपलब्ध प्याज, आलू और टमाटर का स्टॉल दोपहर एक बजे से पहले ही खत्म हो गया। ऐसे में निर्धारित समय से पहले ही स्टॉल बंद करना पड़ा। मंडी सचिव अशोक कुमार ने बताया कि प्रचार-प्रसार के बाद लोगों तक स्टॉल पर सस्ती दर में प्याज, आलू व टमाटर उपलब्ध होने की जानकारी पहुंच रही है। जिसके चलते ही दूसरे दिन ग्राहकों की भीड़ स्टॉल पर अधिक रही। स्टॉल पर प्याज, आलू व टमाटर लगातार सस्ती दर में बेचे जा रहें हैं।

फुटकर बाजार में नहीं कम हो रही कीमत
फुटकर बाजार में आलू और प्याज के बेतहाशा बढ़ते दामों पर रोक नहीं लग रही है। प्याज मंडी से 25 से 42 रुपये प्रति किलो मिल रही है, जबकि बाजार में इसकी दोगुनी कीमत वसूली जा रही है। वहीं आलू के दामों में भी 10 से 15 रुपये की बढोत्तरी खुले बाजार में हो रही है। आलू, प्याज की जमाखोरी पर अंकुश लगाने में प्रशासन भी नाकाम साबित हो रहा है। स्थानीय स्तर पर जमाखोरी कर अनावश्यक रूप से बाजार भाव में वृद्धि की जा रही है। जिसके चलते आलू-प्याज खरीदना आम आदमी की पकड़ से दूर हो रहा है। एक तो कोरोनाकाल की मार और ऊपर से महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी है।

प्याज 35, आलू 30 व टमाटर 25 रुपये किलो
मंडी निरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने बताया कि स्टॉल पर पुरानी प्याज की कीमत 35 रुपये किलो, जबकि आलू 30 व टमाटर 25 रुपये किलो के थोक भाव पर बेचा गया। स्टॉल प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 2 बजे तक खोला जा रहा है। बताया कि प्रत्येक ग्राहक को अधिकतम 2 किलो आलू व दो किलो प्याज दिया जा रहा हैं। बाजार में आलू 40-50 रुपये व प्याज 60-70 रुपये किलो तक बिक रही हैं। क्योंकि सब्जी विक्रेता लाने-ले जाने सहित अन्य दर जोड़कर प्याज, आलू बेच रहे हैं। जिस पर प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।

2 कुंतल प्याज व 2 कुंतल आलू की बिक्री
मंडी निरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने बताया कि दूसरे दिन स्टॉल पर ग्राहकों की संख्या उम्मीद से ज्यादा आंकी गई। बताया कि दूसरे दिन 2 कुंतल प्याज, 2 कुंतल आलू और 50 किलो टमाटर सस्ती दर में बेचे गए। जिस तरह का भाव मंडी में आयेगा, उसी के तहत प्याज, आलू व टमाटर बेचा जाएगा।

संबंधित समाचार