Women's T20 World Cup: न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को दिया 159 रनों का लक्ष्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दुबई। अनुभवी अमेलिया केर (43) और ब्रूक हैलिडे (38) के बीच चौथे विकेट के लिए 44 गेंद में 57 रन की साझेदारी के दम पर न्यूजीलैंड ने महिला टी20 विश्व कप के फाइनल मैच में रविवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच विकेट पर 158 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका को चैम्पियन बनने के लिए टी20 विश्व कप फाइनल में सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करना होगा।   केर ने 38 गेंद की पारी में चार जबकि हैलिडे ने 28 गेंद की अपनी आक्रामक पारी में तीन चौके लगाये। टीम के लिए सूजी बेट्स ने भी 31 गेंद में तीन चौकों की मदद से 32 रन का योगदान दिया।

दक्षिण अफ्रीका के लिए एन. म्लाबा ने दो जबकि आयाबोंगा खाका, क्लोई ट्रायोन और नडिन डी क्लर्क को एक-एक सफलता मिली। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर जॉर्जिया प्लिमर ने शुरुआती ओवर में मरिजान कैप के खिलाफ दो चौके लगाये लेकिन खाका ने अगले ओवर में उनकी नौ रन की पारी को खत्म कर दक्षिण अफ्रीका को पहली सफलता दिलायी। अमेलिया केर ने क्रीज पर आते ही चौके से खाता खोला तो वहीं बेट्स ने खाका के खिलाफ चौथे ओवर का अंत चौके से किया।

उन्होंने छठे ओवर में म्लाबा के खिलाफ अपनी पारी का तीसरा चौका लगाया जिससे पावर प्ले में न्यूजीलैंड ने एक विकेट पर 43 रन बना लिये थे। म्लाबा ने आठवें ओवर में बेट्स को बोल्ड किया। दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने इसके बाद न्यूजीलैंड को बड़ा शॉट खेलने का मौका नहीं दिया लेकिन टीम ने दौड़ कर रन चुराते हुए 10 ओवर में 70 रन बना लिये। अगले ओवर में डि क्लर्क ने कप्तान सोफी डिवाइन (छह) को पगबाधा कर दक्षिण अफ्रीका को बड़ी सफलता दिलायी।

अमेलिया केर के साथ क्रीज पर आयी ब्रुक हैलिडे को भी गेंद को बाउंड्री तक पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। हैलिडे ने 14वें ओवर में सुने लुस के खिलाफ लगातार दो चौके जड़ 48 गेंद के बाउंड्री के सूखे को खत्म किया। टीम ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर 100 रन पूरे किये। हैलिडे के साथ केर ने भी डि क्लर्क के इस ओवर में खिलाफ चौके जड़े। न्यूजीलैंड ने पिछले दो ओवर में 25 रन बटोर कर अपनी रनगति को तेज किया।

हैलिडे 18वें ओवर में ट्रायोन के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री के पास एनेक बोश द्वारा लपकी गयी। केर ने अगले ओवर में म्लाबा के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौका जड़ दिया। वह हालांकि एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में ताजमिन ब्रिट्स द्वारा लपकी गयी। इसाबेल गेज (नाबाद 12) ने आखिरी ओवर में खाका के खिलाफ छक्का जड़ टीम के स्कोर को 158 तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।

यह भी पढ़ें:-वाराणसी: नेत्र अस्पताल के उद्घाटन पर बोले सीएम योगी- काशी की विकास यात्रा में नया अध्याय जुड़ा

संबंधित समाचार