पीलीभीत: छह नवंबर से सैलानियों के लिए खुलेगा पीटीआर, ले सकेंगे जंगल सफारी का मजा

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

जंगल मार्गों को किया जा रहा दुरुस्त, दुनिया भर से आते हैं सैलानी

पीलीभीत, अमृत विचार। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के पर्यटन सत्र को लेकर अनिश्चितता के बादल छंट गए हैं। पीलीभीत टाइगर रिजर्व 06 नवंबर से देशी और विदेशी सैलानियों के सैर सपाटे के लिए खोल दिया जाएगा। शासन ने इसके लिए हरी झंडी दे दी है। अपनी जैवविविधता एवं बाघों के लिए देश-दुनिया में मशहूर पीलीभीत टाइगर रिजर्व में तैयारियां तेजी से चल रही है, ताकि आने वाले सैलानियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।

देश-दुनिया में पहचान बना चुके पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र वैसे हर साल 15 नवंबर से शुरू होकर 15 जून तक चलता है।  मानसून सत्र शुरू होने के चलते पर्यटन बंद हो जाता है। हालांकि बरसात में देरी के चलते टाइगर रिजर्व का पिछला पर्यटन सत्र 10 दिन बढ़ाते हुए 15 जून के बजाय 25 जून को बंद किया गया था। इधर आगामी पर्यटन सत्र को लेकर जब तैयारी शुरू हुईं तो यह कयास लगाए जा रहे थे कि इस बार 15 नवंबर से पर्यटन सत्र शुरू हो जाएगा। इधर बुधवार को लगाए जा रहे कयास पर ब्रेक लग गया। पीलीभीत टाइगर रिजर्व का आगामी पर्यटन इस बार 10 दिन पहले से शुरू किया जाएगा। देश-दुनिया के सैलानियों के पीलीभीत टाइगर रिजर्व के दरवाजे 06 नवंबर को ही खोल दिए जाएंगें। शासन ने इसको लेकर हरी झंडी दे दी है। हालांकि पीटीआर प्रशासन आगामी पर्यटन सत्र को लेकर पूर्व से ही तैयारियों में जुटा था। इधर अब पर्यटन सत्र 10 दिन पहले से ही शुरू किए जाने का आदेश आने के बाद पीटीआर प्रशासन तेजी से तैयारियों में जुट गया है।

चमकाया जा रहा चूका बीच
महोफ रेंज स्थित इको टूरिज्म स्पॉट चूका बीच पर हटों को दुरुस्त करने के साथ उन्हें आकर्षक बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। सप्त सरोवर पर भी साफ-सफाई की जा रही है। पर्यटन स्थल तक जाने वाले जंगल मार्गों की साफ-सफाई के साथ उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है। वन अफसरों के मुताबिक पर्यटन सत्र शुरू होने से पूर्व इससे जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।

जानिए क्या बोले वन विभाग के अधिकारी
पीलीभीत टाइगर रिजर्व  के डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व के आगामी पर्यटन सत्र को लेकर आदेश प्राप्त हो चुका है। पर्यटन सत्र 06 नवंबर से शुरू किया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां तेजी से चल रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा चुका है। सैलानियों को कोई असुविधा न हो, इसको ध्यान में रखकर तैयारियां की जा रही है।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: एक्सपायर सीमेंट के खेल में कई सवाल, कितने थे सप्लायर थे और किसने बनाए नकली बैग?

संबंधित समाचार