महिला उद्यमी के लिए आपदा में अवसर बनीं ओडीओपी:10 लाख के ऋण से खड़ा किया डिजिटल लॉक का व्यवसाय

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश सरकार की उद्योग प्रोत्साहन नीतियों और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना ने कई उद्यमियों के लिए नए अवसर खोले हैं। अलीगढ़ की महिला उद्यमी नीलम सिंह इसकी एक प्रेरक मिसाल बनकर सामने आई हैं। उन्होंने कोविड महामारी जैसे कठिन दौर में डिजिटल लॉक निर्माण की यूनिट स्थापित कर न केवल अपना व्यवसाय खड़ा किया, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित किए।

ताला नगरी के नाम से प्रसिद्ध अलीगढ़ में नीलम सिंह ने वर्ष 2019 में अपने सॉफ्टवेयर इंजीनियर पति के साथ मिलकर “ओव्लॉक्स इंडिया” नाम से डिजिटल लॉक बनाने का स्टार्टअप शुरू किया। उस समय देश कोविड महामारी की चुनौती से जूझ रहा था और आर्थिक गतिविधियां काफी प्रभावित थीं। ऐसे मुश्किल दौर में नीलम ने पारंपरिक ताला उद्योग को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का निर्णय लिया। हालांकि शुरुआत आसान नहीं थी। 

आर्थिक संसाधनों की कमी सबसे बड़ी चुनौती थी। इसी दौरान ओडीओपी योजना के तहत उद्योग विभाग के माध्यम से उन्हें बैंक ऑफ बड़ौदा से 10 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ, जिसमें लगभग ढाई लाख रुपये की सब्सिडी भी शामिल थी। इस आर्थिक सहयोग ने उनके स्टार्टअप को मजबूत आधार प्रदान किया और धीरे-धीरे उनका कारोबार आगे बढ़ने लगा। आज नीलम सिंह का यह व्यवसाय 10 करोड़ रुपये से अधिक का हो चुका है।

ओडीओपी योजना से मिली नई उड़ान

• ओव्लॉक्स इंडिया के नाम से शुरू की डिजिटल लॉक यूनिट

• आज 20–25 लोगों को मिला रोजगार

• कारोबार 10 करोड़ रुपये के पार, उत्पाद देश-विदेश तक पहुंच रहे हैं।

ये भी पढ़ें :
बंद रहेगा रामलला का दर्शन-पूजन:राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी श्रीराम यंत्र की स्थापना, सजने लगी अयोध्या 

 

 

संबंधित समाचार