अयोध्या: अगले माह आईआरसीटी कराएगा रामपथ के दर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। भारतीय रेलवे की भारत दर्शन विशेष पर्यटक ट्रेन योजना के तहत आईआरसीटीसी की ओर से अगले माह दिसंबर में श्री रामपथ का भ्रमण और दर्शन कराया जाएगा।पांच रात और 6 दिन के इस श्री रामपथ पैकेज को रेलवे ने अयोध्या से चित्रकूट यात्रा नाम दिया है। विशेष ट्रेन पर्यटकों को लेकर उत्तराखंड …

अयोध्या, अमृत विचार। भारतीय रेलवे की भारत दर्शन विशेष पर्यटक ट्रेन योजना के तहत आईआरसीटीसी की ओर से अगले माह दिसंबर में श्री रामपथ का भ्रमण और दर्शन कराया जाएगा।
पांच रात और 6 दिन के इस श्री रामपथ पैकेज को रेलवे ने अयोध्या से चित्रकूट यात्रा नाम दिया है। विशेष ट्रेन पर्यटकों को लेकर उत्तराखंड के देहरादून से रवाना होगी और वापसी में यही पहुंच श्रीरामपथ यात्रा का समापन होगा।

श्रीराम के अनुयायियों की तादाद करोड़ों में है। चक्रवर्ती सम्राट अयोध्या नरेश राजा दशरथ के यहां जन्म लेकर राज्याभिषेक के पहले श्रीराम 14 वर्ष के वनवास के लिए रवाना हुए। इन 14 वर्षों में पत्नी सीता और छोटे भाई लक्ष्मण के साथ श्रीराम ने प्रयागराज, चित्रकूट से लेकर पड़ोसी देश लंका तक की यात्रा की। तमाम असुर और राक्षसों का वध कर सनातन धर्म और संस्कृति की रक्षा के साथ लंकाधिपति रावण पर विजय कर विश्व में सत्य और धर्म की पताका फहराई।

श्रीराम के जन्मभूमि को लेकर 500 वर्ष चले विवाद में देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट ने जमीन के मालिकाना हक का फैसला विराजमान रामलला के पक्ष में दिया है और सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर केंद्र सरकार की ओर से गठित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट जन्म भूमि पर राम मंदिर निर्माण की कवायद में जुटा हुआ है। बीते 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर निर्माण के लिए जन्म भूमि पर शिलान्यास किया है। सुप्रीम फैसले के बाद एक बार फिर अयोध्या वैश्विक स्तर पर चर्चा में है। राम नगरी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की तादाद में उछाल आया है।

प्रभु श्रीराम से जुड़े अयोध्या, प्रयागराज और चित्रकूट के स्थलों का भ्रमण और दर्शन कराने के लिए इंडियन रेलवे कारपोरेशन ऑफ टूरिज्म एंड कैटरिंग आईआरसीटीसी ने श्री राम पथ पैकेज की घोषणा की है।

12 दिसंबर को शुरू होगी यात्रा
श्रीरामपथ यात्रा विशेष ट्रेन 12 दिसंबर की भोर उत्तराखंड के देहरादून रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और हरिद्वार मेरठ गाजियाबाद अलीगढ़ हाथरस टूंडला,इटावा, कानपुर, लखनऊ होते हुए अगले दिन 13 दिसंबर को अयोध्या पहुंचेगी। पूरे दिन विशेष ट्रेन के यात्रियों को राम नगरी अयोध्या के विभिन्न मंदिरों का दर्शन कराया जाएगा और शाम को सरयू आरती में शामिल कराया जाएगा। इसके बाद यही रात्रि विश्राम होगा। 14 दिसंबर कि सुबह अयोध्या और अयोध्या से सटे नंदीग्राम के विभिन्न मठ मंदिरों का दर्शन पूजन और भ्रमण के बाद विशेष ट्रेन प्रयागराज के लिए रवाना होगी। रात्रि विश्राम प्रयागराज में ही होगा।

15 दिसंबर की सुबह लोगों को गंगा में स्नान कराया जाएगा और संगम प्रयागराज के हनुमान मंदिर, भारद्वाज आश्रम, श्रृंगवेरपुर का दर्शन होगा। यहां से रामघाट चित्रकूट के लिए रवाना होंगे। रात्रि विश्राम के बाद 16 दिसंबर को पर्यटक और यात्री मंदाकिनी नदी में स्नान के बाद चित्रकूट के मंदिरों, सती अनसूया आश्रम, गुप्त गोदावरी, हनुमान धारा आदि का दर्शन पूजन कर चित्रकूट रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। यहां से पुणे विशेष ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर अनवरत चलते हुए 17 दिसंबर की शाम देहरादून पहुंचेगी।

संबंधित समाचार