मुरादाबाद: पुलिस ने कब्र से निकाला युवती का शव, भाई ने की थी हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। नागफनी क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के खुलासे में लगी टीम एक और ब्लाइंड मर्डर केस के खुलासे के नजदीक पहुंच गई है। यह मर्डर मिस्ट्री ऐसी है, जिसका पुलिस के रिकार्ड में कहीं जिक्र नहीं हैं। युवती की हरकतों से तंग आकर भाई ने उसकी हत्या कर दी। बाद में सभी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। नागफनी क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के खुलासे में लगी टीम एक और ब्लाइंड मर्डर केस के खुलासे के नजदीक पहुंच गई है। यह मर्डर मिस्ट्री ऐसी है, जिसका पुलिस के रिकार्ड में कहीं जिक्र नहीं हैं। युवती की हरकतों से तंग आकर भाई ने उसकी हत्या कर दी। बाद में सभी को बीमारी का हवाला देते हुए शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। शनिवार को मर्डर मिस्ट्री की पूरी गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने कब्र से शव खोदकर पीएम को भेजा। वहीं पुलिस ने आरोपी युवक को भी हिरासत में ले लिया है।

ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का यह मामला भी नागफनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला किसरौल से जुड़ा हुआ है। बताते हैं कि किसरौल के नीम के पेड़ के पास रहने वाली एक युवती का मोहल्ले में रहने वाले युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। करीब तीन साल पहले युवती ने अपने प्रेमी के साथ निकाह कर लिया और ससुराल में रहने लगी। पुलिस के अनुसार करीब एक साल पहले महिला का किसी दूसरे युवक से प्रेम-प्रसंग हो गया। मौका पाकर वह अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई, हालांकि कुछ दिनों बाद वापस अपनी ससुराल आ गई। पति तो फिर से उसे रखने के लिए राजी हो गया लेकिन ससुरालियों ने इंकार कर दिया। ससुरालियों की जिद के कारण पति ने महिला को उसके मायके छोड़ दिया। बताया जाता है कि करीब एक माह पहले मायके में रह रही महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन व भाई ने बीमार होने का हवाला दिया, बाद में रिश्तेदार व मोहल्ले वालों की मौजूदगी में शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।

दोहरे हत्याकांड के आरोपियों ने उगला राज
इधर प्रापर्टी डीलर व उसकी बेटी के हत्या के रहस्य से पर्दा उठाने के लिए पुलिस ने मोहल्ले वालों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो इस ब्लाइंड मर्डर केस की भी सुगबुगाहट होने लगी। बाद में दोहरे हत्याकांड के आरोपी मुन्नन और यूनुस ने इस केस के ठोस सुराग दे दिए। दोनों ने पूछताछ के दौरान बताया कि एक बार वह शराब पी रहे थे, वहां पर इस ब्लाइंड मर्डर का जिक्र हो रहा था। इसे सुनने के बाद उन्होंने भी प्लान बनाया। पुलिस ने दोनों के बताए अनुसार जब पड़ताल शुरू की तो यह जानकारी सही निकली। हालांकि पुलिस रिकार्ड में इस घटना का कहीं जिक्र नहीं था। इसके बाद एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने खुलासे के लिए एक टीम का गठन कर दिया।

पुलिस की मौजूदगी में कब्र से निकाला गया शव
शनिवार की दोपहर को नागफनी एसओ भारी फोर्स के साथ मोहल्ला किसरौल स्थित कब्रिस्तान पहुंचे। जहां पर पुलिस की मौजूदगी में शव कब्र से निकालकर पीएम को भेजा गया। कब्र की खुदाई के दौरान ही मोहल्ले वालों ने पूरी हकीकत पुलिस के सामने बयां कर दी। जिस पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। युवक मृतक महिला का भाई बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार मायके रह रही बहन की कुछ हरकतों से तंग आकर उसने हत्या कर दी थी।

कब्र खोदकर कंकाल निकालकर पीएम को भेजा गया है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी हो सकेगी।-सीओ सिटी इंदू सिद्धार्थ

संबंधित समाचार