इटावा में कनेक्शन में अनियमितताओं पर गिरी गाज, 3 जेई निलंबित...शासन की कार्रवाई से बिजली विभाग में मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा, अमृत विचार। शासन की ओर से जिले में बिजली विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई। कनेक्शन देने में अनियमितताएं पाए जाने के मामले को लेकर तीन जूनियर इंजीनियरों को निलंबित किया गया है। इसके साथ ही अधिशासी अभियंता को चार्जशीट देने के निर्देश भी दिए गए है। 

उच्च अधिकारियों से यह शिकायत की गई थी कि कनेक्शन देने के काम में अनियमितताएं बरती जा रही हैं ।इसके साथ ही भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया गया था। शिकायतों की जांच कराई गई और जांच के बाद पहले शहर  में तैनात रहे तीन जूनियर इंजीनियरों को अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार माना गया और उन्हें निलंबित कर दिया गया। इसके तहत जूनियर इंजीनियर वीरेंद्र सिंह, महेश चंद्र गौतम तथा रघुनाथ सिंह को निलंबित किया गया है। 

इन लोगों पर अनियमित रूप से नियम विरूद्ध कनेक्शन दिए जाने के आरोप है । इस कार्रवाई को लेकर विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। खास बात यह है कि विभाग के विभिन्न मामलों की जो शिकायत है शासन स्तर पर की गई है उनको देखते हुए इटावा शहर के अधिशासी अभियंता हनुमान प्रसाद मिश्रा को भी चार्ज शीट दिए जाने के निर्देश भी दिए गए है। 

अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार ने बताया है कि तीनों जूनियर इंजीनियरों की निलंबन आदेश प्राप्त हो गए हैं। इनमें से एक इंजीनियर इंजीनियर वर्तमान में कानपुर में अटैच है और एक ग्रामीण क्षेत्र में तैनात है । इस कार्यवाही से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है, इन जूनियर इंजीनियरों की जांच में यह पाया गया कि इन्होंने विभाग के नियमों का उल्लंघन करते हुए उपभोक्ताओं को नये कनेक्शन दिए।  एक पोल से 40 मीटर की दूरी तक कनेक्शन दिए जाने हैं लेकिन इन जूनियर इंजीनियरों ने 100 मीटर तक की दूरी के कनेक्शन कर दिए ।

शिकायत किसी की थी गाज किसी और पर गिरी

इटावा बिजली विभाग में कार्रवाई को लेकर एक मजे की बात यह है कि शिकायत किसी और की की गई थी और जांच के बाद जो अनियमितताएं पाई गई उसके चलते कार्रवाई किन्हीं और पर की गई है। जिनकी शिकायत की गई थी उनकी अनियमितताएं नहीं मिली। 

एक उपभोक्ता ने जूनियर इंजीनियर राजकमल की शिकायत की थी  और उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था।  मामले की जांच विभाग की उच्च अधिकारियों ने की तो यह पाया गया कि राजकमल ने नियम विरुद्ध कनेक्शन नहीं दिए हैं बल्कि राजकमल से पहले इस क्षेत्र में तैनात रहे जूनियर इंजीनियर वीरेंद्र सिंह महेश चंद्र गौतम तथा रघुनाथ सिंह कनेक्शन देने में अनियमितताएं बरती हैं। उसके बाद इन तीनों को निलंबित कर दिया गया।

संबंधित समाचार