संभल: फूलों से लदी डीसीएम गढ़मुक्तेश्वर में पलटी, बनियाठेर के दो किसानों की मौत
फूल बेचने दिल्ली जा रहे थे आधा दर्जन किसान, परिजनों में मचा कोहराम
चन्दौसी/बनियाठेर, अमृत विचार। बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर से डीसीएम में फूल भरकर दिल्ली ले जा रहे दो किसानों की गढ़मुक्तेश्वर के पास डीसीएम पलटने से मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर में कई किसान फूलों की खेती करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। दिवाली के अवसर पर आधा दर्जन किसान सोमवार की शाम पांच बजे अपनी फसल के गेंदे के फूल बेचने के लिए डीसीएम में भरकर दिल्ली के गाजीपुर मंडी के लिए निकले। गढ़मुक्तेश्वर पहुंचने पर डीसीएम का पहिया निकल गया और वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे में फूल लेकर जा रहे सभी छह किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। वहां चिकित्सक ने विशाल (23) पुत्र स्व. भजन लाल व कमल सिंह (50) पुत्र भगवान दास को मृत घोषित कर दिया। वहीं विष्णु पुत्र राम कुंवर, सतेंद्र पुत्र कुंवर पाल, वेद प्रकाश पुत्र राजपाल व अवनीश पुत्र आनंद पाल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद घायल ग्रामीण अपने घर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि विशाल परिवार का इकलौता कमाने वाला था। कुछ समय पहले विशाल के पिता की मौत बिजली के करंट से हो गई थी।
ये भी पढ़ें - सम्भल : शादी का झांसा देकर दिव्यांग युवती से किया दुष्कर्म
