Barabanki News : देवा महोत्सव के हॉकी ग्राउंड में सो रहे दो लोगों को वैन ने रौंदा, एक की मौत
बाराबंकी, अमृत विचार : सोमवार की देर रात एक वैन ने देवा महोत्सव के हॉकी ग्राउंड में सो रहे दो लोगों को रौंद दिया। जिसमें दोनों लोग गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी देवा भेजा। जहां से एक शख्स को गंभीर हालत के चलते डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसकी मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल को सीएचसी में उपचार के बाद घर भेज दिया गयाष पुलिस ने वैन को अपने कब्जे मे ले लिया है l
जहांगीराबाद कस्बा के विनय 25 वर्ष पुत्र प्रेम महावत और रंजीत पुत्र लल्लू देवा मेला देखने गए थे। सोमवार की रात करीब एक बजे यह लोग देवा मेला के हॉकी ग्राउंड में सो रहे थे। तभी अचानक हॉकी मैदान में एक अनियंत्रित वैन चालक ने विनय और रंजीत को रौंद दिया। इस दौरान विनय वैन में फंस गया और वैन के साथ कुछ दूर तक रगड़ता हुआ चला गया। मेला परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने आनन फानन में दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी देवा भेजा।
जहां से विनय की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां विनय को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और घायल रंजीत की हालत में सुधार होने पर उसे इलाज के बाद सीएचसी देवा से उसके घर भेज दिया गया। इंस्पेक्टर देवा अनिल कुमार पांडे ने बताया कि घटना करने वाले वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और वाहन चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
यह भी पढ़ें-धुआं न धमाका : Helicopter Demo संग ग्रीन पटाखों से सजने लगा लखनऊ का पटाखा बाजार
