बरेली: धनतेरस पर 350 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान
ग्राहकों ने सोने और चांदी की राम परिवार की प्रतिमाएं भी खरीदीं , चमका सराफा बाजार
बरेली, अमृत विचार। धनतेरस पर सराफा बाजार में धन की बरसा हुई। मंगलवार देर रात तक ग्राहकों ने हीरे, सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी की। सराफा व्यापारियों के अनुसार करीब 350 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। बाजार ग्राहकों से गुलजार रहा।
शहर के सर्राफा बाजार आलमगीरीगंज, सिविल लाइंस में सोने-चांदी की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखी। सराफा व्यापारियों के मुताबिक ग्राहकों ने चांदी के छोटे-बड़े सिक्के, सोने की 4 और 8 ग्राम की गिन्नी, चांदी के लक्ष्मी गणेश, शिव परिवार आदि की खरीदारी की। आलमगीरीगंज के सर्राफ अनुज अग्रवाल ने बताया कि ग्राहकों ने सोने और चांदी की राम परिवार की प्रतिमाएं भी खरीदीं। महिलाओं ने सबसे ज्यादा हल्के और डिजाइनर ज्वेलरी की खरीद को प्राथमिकता दी।
बरेली सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल के अनुसार इस वर्ष जुलाई में आयात घटने पर सोने के दामों में गिरावट आई थी। तब लोगों ने अधिक सोने की खरीदारी की।अगस्त में आयात शुल्क बढ़ने पर फिर सोने के दामों में बढ़ोतरी हुई। इस वर्ष सोने के दाम प्रति तोला 81,500 रुपये तक पहुंच गए। माना जा रहा था कि इसका प्रभाव बाजार पर पड़ेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पिछली बार की तुलना में इस बार कारोबार अच्छा रहा है। पिछले साल जहां 280-300 करोड़ रुपये सोने-चांदी की बिक्री हुई थी। इस बार 350 करोड़ रुपये की बिक्री होने का अनुमान है।
जागरूक हो रहे ग्राहक, हॉलमार्क देखकर खरीद रहे सोना
इस बार बाजार में ग्राहक भी जागरूक दिखे। उन्होंने हॉलमार्क देख ही सोने की खरीदारी की। आभूषणों में यह मुहर शुद्धता का प्रमाण है। सराफा व्यापारियों के अनुसार मध्यमवर्गीय परिवारों ने अधिकांश 18 और 22 कैरेट सोने की खरीद की। वहीं, 24 कैरेट सोने की खरीद लोगों ने सिर्फ निवेश के लिए की।
डायमंड खरीदने का भी क्रेज
धनतेरस पर सोने-चांदी के साथ डायमंड खरीदने का भी क्रेज दिखा। सिविल लाइंस स्थित डायमंड शोरूम के प्रबंधन ने बताया कि मध्यमवर्ग के लिए कंपनी की ओर से 14 कैरेट डायमंड का अलग से आभूषण लांच किया गया है। ये छह हजार से शुरू होकर एक लाख रुपये की अलग अलग वैरायटी में उपलब्ध है। डायमंड स्टाइलिश होने के साथ ही लाइट वेट होने से लोगों की पसंद बना हुआ है। डिजाइनर नेकलेस सेट, इयररिंग, ब्रेसलेट, रिंग की ग्राहकों की ओर से खरीदारी की गई।
सिक्के लिए अलग काउंटर
ज्वेलरी की दुकानों पर सोने-चांदी के सिक्कों की बिक्री के लिए विशेष व्यवस्था की गई। आलमगीरीगंज और सिविल लाइंस में आभूषणों की दुकानों 5, 10, 20 और 50 ग्राम के चांदी के सिक्कों के लिए अलग काउंटर बनाए गए थे।
क्या बोले सर्राफा व्यापारी
हरसहायमल श्यामलाल ज्वेलर्स के मोहित आनंद ने बताया कि महंगा होने के बाद भी सोने पर ग्राहकों का भरोसा बढ़ा है, धनतेरस पर कई ग्राहकों ने एडवांस बुकिंग के साथ निर्धारित मुहूर्त पर डिलीवरी ली। शेयर बाजार में मार्केट क्रैश होने का रिस्क रहता है, जबकि सोना पूरी तरह आपके निवेश को सकारात्मक रूप से रिटर्न की गारंटी देता है।
चौपुला रोड स्थित रामकुमार ज्वेलर्स के पुनीत अग्रवाल ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार सोने में ग्राहकों का अधिक रुझान दिखा। अपने खास लोगों के लिए तोहफे के रूप में राम दरबार, गिन्नी पहली पसंद रहे। चांदी को लेकर भी ग्राहकों ने खरीदारी की।
कैरेटलेन के सत्यवीर शर्मा ने बताया कि बाजार में एंटीक के साथ ही हल्के ज्वेलरी की मांग अधिक है। रोज और व्हाइट गोल्ड के साथ डायमंड के प्रति लोगों की चाहत बढ़ी है। धनतेरस पर लोगों ने सोने-चांदी के साथ डायमंड के जेवर अधिक पसंद किए।
पीसी ज्वेलर्स के कैलाश शर्मा ने बताया कि बाजार में चर्चा थी कि सोने के दाम बढ़ने से बाजार कुछ प्रभावित होगा, लेकिन इस बार बाजार बीते वर्षों से बेहतर है। शुभ मुहूर्त पर आभूषण लेने को लोगों ने प्री बुकिंग कराई है।
