पीलीभीत: चोरी करने घुसे दो हिस्ट्रीशीटर हुए हमलावर, मकान मालिक ने आत्मरक्षा में चलाई गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: शहर के एक मकान में दो हिस्ट्रीशीटर चोरी के इरादे से घुस गए। पड़ोस में स्थित दूसरे मकान में रह रहे मकान मालिक आहट पर जाग गए। विरोध पर दोनों हिस्ट्रीशीटर ने हमला कर दिया। आत्मरक्षा में मकान मालिक ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग की। जिसमें दोनों हिस्ट्रीशीटर गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। घायल आरोपियों को मेडिकल कालेज भर्ती कराया गया है। 

 घटना शहर के मोहल्ला बाग गुलशेर खा में हुई। शनिवार देर रात एक बंद मकान में दो व्यक्ति चोरी करने के लिए घुसे। बराबर के मकान में मकान मालिक महेश पटेल रहते है। आहट पर जागे मकान मालिक ने बाहर आकर देखा तो दो लोग बंद मकान में चोरी कर रहे थे। विरोध करने पर  चोर उनके ऊपर हमलावर हो गए। आत्मरक्षा में महेश पटेल ने अपने लाइसेंसी पिस्टल .32 बोर से दोनों के ऊपर फायर किया। 

जिसमें एक आरोपी महेंद्र पुत्र छोटेलाल के पैर में गोली लगी जबकि दूसरे आरोपी यादराम उर्फ यादा पुत्र माखनलाल  निवासी थाना नौगवां पकड़िया की कमर में गोली लगी।  दोनों आरोपी  थाना सुनगढ़ी के हिस्ट्रीशीटर हैं।  जिनका लम्बा चौड़ा आपराधिक इतिहास है। घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

फॉरेंसिक टीम ने मौका मुआयना किया। मकान मालिक से पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने वार्ता कर जानकारी जुटाई। सीओ सिटी ने बताया कि रात्रि में किसी की निजी प्रॉपर्टी में घुसने पर आत्मरक्षा के नियम के तहत कृत कार्यवाही के अनुसार ही आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। मौक़े पर शांति है। दोनों घायल को अस्पताल भर्ती कराया गया है। गोली आर पार हो गई है।  प्रथम दृष्टया हालत ख़तरे से बाहर  हैं।

यह भी पढ़ें-पीलीभीत: गोवर्धन पूजा कर लौट रही महिला से चेन स्नैचिंग, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

संबंधित समाचार