बरेली:  टैक्स प्रकरण... नगर निगम की नपाई पर बरेली कॉलेज प्रशासन को नहीं भरोसा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

वास्तविक स्थिति पता करने के लिए खुद करा रहा है भवन की नपाई

नगर निगम का कॉलेज पर 27 करोड़ 30 लाख रुपये टैक्स है बकाया

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज प्रशासन को नगर निगम की नपाई पर भरोसा नहीं है, शायद यही वजह है कि वह टैक्स की वास्तविक स्थिति पता करने के लिए खुद भवन की नपाई करा रहा है। इसमें करीब 10 दिन लग सकते हैं। कॉलेज प्रशासन का आरोप है कि नगर निगम ने जर्जर भवन और सड़क को भी कर श्रेणी में रखते हुए टैक्स लगाया है। नपाई के बाद बकाया टैक्स के मुद्दे पर कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य और नगर आयुक्त के बीच वार्ता हो सकती है।

कॉलेज में निजी कंपनी से भवनों की नपाई कराई जा रही है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार नपाई पर 1 लाख 60 हजार रुपये खर्च होंगे। वहीं, नगर निगम की ओर से जहां एक ही दिन में नपाई की खानापूर्ति की गई, वहीं, सर्वेयर की टीम की ओर से कॉलेज की नपाई सात से दस दिन में पूरी होगी। प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने बताया कि नपाई पूरी होने के बाद प्रबंधन और नगर आयुक्त से बातचीत की जाएगी। नगर निगम का बरेली कॉलेज पर 27 करोड़ 30 लाख रुपये भवन कर बकाया है।


वास्तविक क्षेत्रफल कम होने का दावा
कॉलेज प्रशासन के अनुसार वर्ष 1981 से 2024 तक नगर निगम की ओर से आठ लाख रुपये सालाना की दर से कर लगाया गया है। 10 सितंबर को तत्कालीन नगर आयुक्त ने नपाई के दौरान कॉलेज परिसर में रोड और जर्जर बिल्डिंग को छोड़ कर अन्य भवनों पर कर लगाने की बात पर सहमति जताई थी। 27 सितंबर को निगम टीम ने भवनों की नपाई कर रिअसेसमेंट किया। कुल कर 27 करोड़ 30 लाख रुपये बताया गया। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक नपाई के बाद कॉलेज का करीब 3.60 लाख हेक्टेयर क्षेत्र कर के दायरे में लिया गया। जबकि वास्तव में ये क्षेत्र कम है। इस संशय को दूर करने के लिए ही भवनों की नपाई कराई जा रही है।

 

संबंधित समाचार