खिताबी भिड़ंत आज : लखनऊ छात्रावास के सामने होगी स्पोर्ट्स कॉलेज की परीक्षा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: मो. दानिश के बेहतरीन स्टिक वर्क की बदौलत गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ ने प्रथम हनुमान कप के लिए खेली जा रही राज्य स्तरीय प्राइजमनी हॉकी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जीत दर्ज की और फाइनल में जगह बनाई। स्पोर्ट्स कॉलेज ने यूपी पुलिस के सभी पैंतरों पर पानी फेर 2-0 से जीत दर्ज की। फाइनल में स्पोर्ट्स कॉलेज के सामने लखनऊ छात्रावास की चुनौती होगी। गोमती नगर के मो.शाहिद हॉकी स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में लखनऊ छात्रावास ने लखनऊ साई को 4-3 से हरा कर फाइनल का टिकट हासिल किया।

पहले सेमीफाइनल में स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और यूपी पुलिस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मैच की शुरुआत से दोनों टीमों ने एक-दूसरे पर हमले शुरू किये। पहले क्वार्टर में दोनों टीमें एक भी गोल नहीं दाग सकी। दूसरे क्वार्टर में मो.दानिश ने साथी खिलाड़ी के पास को गोल में बदल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर में यूपी पुलिस ने आक्रमण तेज किये और कई शानदार मूव बनाये लेकिन कॉलेज के रक्षापंक्ति को पार नहीं कर सके। चौथे और अंतिम क्वार्टर में स्पोर्ट्स कॉलेज के मो. दानिश ने एक बार फिर पुलिस की रक्षापंक्ति में सेंध लगाने में कामयाबी हासिल की और शानदार गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई जो कि अंत तक कायम रही।

दूसरे सेमीफाइनल में लखनऊ छात्रावास और लखनऊ साई के खिलाड़ी में जोरदार भिड़ंत देखने को मिली। पहला गोल तो पराजित टीम साई की ओर से प्रशांत शुक्ला ने छठवें मिनट में किया और टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। लेकिन यह बढ़त ज्यादा देर नहीं रही। 14वें मिनट में लखनऊ छात्रावास को पेनाल्टी कार्नर का मौका मिला, जिसे सिद्धांत सिंह ने गोल में बदल कर हिसाब बराबर किया। दूसरे क्वार्टर में 18वें मिनट में एक बार फिर से सिद्धांत ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई। इस बार साई के आशु मौर्य ने 21 मिनट में गोल कर हिसाब 2-2 से बराबर किया। तीसरे क्वार्टर में विजयी लखनऊ साई को एक मात्र गोल करने में सफलता मिली जो कि केतन कुशवाहा ने 36वें मिनट में कियाा। साथ ही टीम को 3-2 की बढ़त दिला दी। अंतिम और चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों ने एक-एक गोल किये। लखनऊ की ओर से 59वें मिनट में फहद ने गोल किया और टीम को 4-2 की बढ़त दिलाई। 59वें मिनट में ही साई को पेनाल्टी कार्नर का मौका मिला, जिसे आशु मौर्या ने गोल में बदला। ऐसे में लखनऊ छात्रावास ने यह मुकाबला 4-3 से जीत लिया।

यह भी पढ़ेः UP Board Exam 2025: परीक्षा केंद्रों का निर्धारण 7 दिसंबर तक होगा पूरा, पहली बार आंतरिक मूल्यांकन और बैक पेपर देने की व्यवस्था पर मंथन

संबंधित समाचार