पीलीभीत: शादी में आया दुल्हन के प्रेमी का तोहफा, दूल्हे को पता चला तो हो गया कांड

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

परिजनों ने प्रेमी और उसके दोस्त की कर दी पिटाई, पुलिस को सौंपा 

पूरनपुर, अमृत विचार। वैवाहिक समारोह के दौरान स्टेज पर प्रेमी ने दुल्हन को गिफ्ट भिजवा दिया। इसके बाद हंगामा हो गया। दूल्हे को जैसे ही पता चला उसने रिश्ता तोड़ दिया। फिर परिजनों ने प्रेमी और उसके दोस्त की पिटाई लगाई और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बिना दुल्हन के ही बरात वापस चली गई। मामला कस्बे में चर्चा का विषय बना रहा।

नगर के एक युवक की शादी बरेली की युवती से होनी थी। मंगलवार को शादी कस्बे के एक बरात घर से हो रही थी। दूल्हा घोड़ी पर चढ़कर बरात घर पहुंच गया। दुल्हन भी सजधज कर परिजनों के साथ पहुंची। अन्य रस्मों के बाद धूमधाम से जयमाला हुई। दूल्हा और दुल्हन के परिजन शादी को लेकर काफी खुश थे। जयमाला के बाद वर वधू को उपहार देने का क्रम शुरू हो गया। नाते रिश्तेदार दोनों को उपहार दे रहे थे। इस दौरान एक युवक स्टेज पर पहुंच गया। उसने दुल्हन को उपहार देकर उसके कान में कुछ कहा। दूल्हे को यह बात नागवार गुजरी। उसने युवक को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उसने प्रेमी द्वारा उपहार भिजवाने के बारे में बताया। इस पर सभी सन्न रह गए। दूल्हे ने जयमाला गले से निकालकर फेंक दी और रिश्ता तोड़ दिया। उसके परिजनों ने बरात घर में मौजूद प्रेमी और उसके दोस्त को पकड़ लिया और दोनों की जमकर पिटाई लगाई। उसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

समझौते के बाद लौटी बरात
दूल्हे के शादी से इन्कार करने पर बरात वापस चली गई। वर और वधू पक्ष के बीच लेनदेन के बाद समझौता हो गया। हालांकि युवती ने बताया कि वह युवक को नहीं जानती है। युवती अपने परिजनों के साथ वापस घर चली गई। बुधवार शाम को मामले में पुलिस को दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया कि शादी में विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में शादी न करने को लेकर समझौता हो गया है। दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: तो क्या सब कुछ नकली! सीमेंट, डीएपी के बाद अब यूरिया में भी  खेल...ब्रांडेड कंपनी ने कराई FIR

संबंधित समाचार