Kanpur Weather Today: ठंड ने दी दस्तक, सीजन में पहली बार 14 डिग्री तापमान, ऊंचे पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का बताया गया असर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दिन का तापमान औसत व रात के तापमान में गिरावट की जताई आशंका

कानपुर, अमृत विचार। शहर में ठंड ने दस्तक दे दी है। सीएसए विवि के मौसम वैज्ञानिकों ने बुधवार को सीजन की सबसे ठंड रात दर्ज की। पहली बार न्यूनतम पारा 14.8 डिग्री सेलसियस दर्ज किया। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि ऊंचे पहाड़ों में हुई बर्फबारी के असर से रात के तापमान में कमी दर्ज की गई है। विशेषज्ञों ने अगले कुछ दिनों तक न्यनतम तापमान में कमी जबकि अधिकतम तापमान औसत रहने की आशंका जताई है। 

शहर में नवंबर महीने की शुरुआत से न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के आस-पास दर्ज हो रहा था। मंगलवार को भी मौसम विभाग की ओर से 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार रात तापमान अचानक नीचे आया और उसे 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से इसे सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात बताया गया। उधर न्यूनतम तापमान में आई गिरावट का असर अधिकतम तापमान में नहीं पड़ा। 

बुधवार को पारा 32.5  डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान औसत से 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीएसए विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि पहाड़ों में बर्फबारी की शुरुआत का असर शहर के तापमान में भी पड़ना शुरू हो गया है। आने वाले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में लगातार कमी दर्ज होने की संभावना है। 

इसी तरह अधिकतम तापमान में कमी दर्ज हो सकती है लेकिन एक डिग्री सेल्सियस से अधिक की कमी फिलहाल दर्ज होने की संभावना से विशेषज्ञों ने इनकार किया है। मौसम वैज्ञानिकों ने यह भी बताया कि दिन व रात के तापमान में पड़ने वाले असर के अलावा अब शहर में सुबह व शाम को कोहरा पड़ने की संभावना भी बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें- Kanpur Metro: स्वदेशी कॉटन मिल से टीपी नगर पहुंची टीबीएम, डाउन लाइन पर 331 मीटर लंबे टनल का निर्माण पूरा, अब सेंट्रल की ओर बढ़ेगी

संबंधित समाचार