बदायूं के किसानों का पतंजलि से अनुबंध, मुहैया करा रहे लेमनग्रास

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

लेमन ग्रास की खेती से बनते हैं ब्यूटी प्रोडक्ट और सुगंधित तेल

प्रदीप सक्सेना, बदायूं,अमृत विचार। बदायूं के किसान अब उन्नत खेती की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। लेमन ग्रास की खेती किसानों को मालामाल कर रही है। ब्लॉक कादरचौक के किसानों के द्वारा तीन हेक्टेयर भूमि पर लेमन ग्रास की खेती की जा रही है। इसकी बिक्री के लिए उनके द्वारा बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि से अनुबंध किया है। साथ ही इसकी खेती कैसे की जाती है।

इसकी विधि भी हरिद्वार में प्रशिक्षण लेकर सीखी है। साथ ही इसका बीज भी वही से मिला है। लेमन ग्रास से ब्यूटी प्रोडक्ट के उत्पाद और सुगंधित तेल के साथ इसका उपयोग परफ्यूम और अन्य हर्बल उत्पाद बनाने में होता है। कादरचौक ब्लॉक के तमाम किसान हैं जिन्होंने परंपरागत खेती को छोड़कर आय अर्जित की जाने वाली फसलों का उत्पादन करना सीखा है। कादरचौक ब्लॉक के गांव गढ़िया गंगबरार के किसान राजेश्वर ने बताया कि उनके साथ साथ गांव के 10 किसान लेमन ग्रास की खेती कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लेमन ग्रास की खेती में पारंपरिक खेती से अधिक मुनाफा होता है। इसकी बुवाई में लागत कम आती है, प्रति एकड़ इससे किसान दो लाख रुपये से अधिक की आमदनी हो जाती है। राजेश्वर सिंह कहते हैं कि लेमनग्रास को धान की तरह की नर्सरी तैयार करके रोपा जाता है। एक हेक्टेयर में रोपाई के लिए चार किलो बीज की जरूरत पड़ती है। नर्सरी करने के दो महीने बाद पौधे खेतों में लगाने के लिए तैयार हो जाते हैं। एक एकड़ में 12 से 15 हजार पौधे लगाए जाते हैं। बताया कि इस फसल को अधिकांश फरवरी माह में लगाया जाता है। पौधे लगाने के तीन माह बाद लेमन ग्रास की कटाई की जाती है। बताया कि एक बार पौध लगाने के बाद पांच साल तक इसकी कटाई की जाती है।

तीन हेक्टेयर में हो रही खेती
लेमन ग्रास की पैदावार से किसानों की आय में कई गुना वृद्धि हो रही है। राजेश्वर सिंह ने बताया कि अभी करीब तीन हेक्टेयर भूमि पर लेमन ग्रास की खेती हो रही है। इसमें सिंचाई के लिए पानी की आवश्यकता कम होती है। इसको एक बार लगाने के बाद बार-बार पौध लगाने की आवश्यकता नहीं होती। इसकी कटाई हर तीन माह बाद की जाती है। बताया कि यह एक औषधीय पौधा है। इसके तेल का कई प्रकार के सौंदर्य प्रसाधन सामग्री तथा अन्य उत्पाद में उपयोग में आता है। साथ ही इससे दवाइयां भी बनती हैं।

950 रुपये किलो बिकता है लेमन ग्रास का तेल
लेमन ग्रास की खेती करने वाले किसान राजेश्वर सिंह कहते हैं कि लेमन ग्रास तेल की वर्तमान बाजार में कीमत 800 से 950 रुपये प्रति किग्रा तक है। लेकिन उनकी फसल को बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि द्वारा खरीदा जाता है। इसलिए उन्हें इधर उधर भागदौड़ करने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

 

 

संबंधित समाचार