Barabanki News : कोचिंग से घर लौट रही छात्राओं से छेड़छाड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी: अमृत विचार :  नगर क्षेत्र में शुक्रवार रात पिता के साथ कोचिंग से घर लौट रही छात्राओं को रास्ते मे रोककर बाइकसवार तीन युवकों ने अभद्रता कर छेड़छाड़ शुरू कर दी। पिता ने विरोध किया तो उनकी पिटाई की। पिता व दोनों छात्राएं चीख पुकार मचाकर युवकों से भिड़ गए।

इस बीच राहगीर एकत्र होने लगे तो तीनों युवक बाइक छोड़ कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक अपने कब्जे में कर ली। पिता की तहरीर पर अज्ञात युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ है।
फतेहपुर से सटे गांव की दो बालिकाएं नगर के एक इंटर कालेज में हाईस्कूल व इंटर में पढ़ती हैं। बोर्ड परीक्षा को लेकर कॉलेज में शाम को एक्स्ट्रा क्लास लेकर तैयारी करायी जा रही है।

शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक छात्रा के पिता अपनी बाइक से दोनों को कॉलेज से लेकर घर लौट रहे थे। रास्ते में रेलवे क्रासिंग के पार बाबा कुटी रोड पर भट्ठे के पास पहले से मौजूद बाइकसवार तीन युवकों ने इन्हें रोक लिया। तहरीर में भुक्तभोगी पिता ने बताया कि रुकते ही युवकों ने उसकी पिटाई कर छात्राओं से अभद्रता व छेड़छाड़ के प्रयास शुरू कर दिए। विरोध करने पर गालियां देकर उसे बहुत पीटा।

इस बीच लोग एकत्र होने लगे तो पिता ने युवकों को पकड़ने की कोशिश की। खुद को फंसता देख तीनों अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले। पिता ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस बाइक को कोतवाली ले आयी। पिता ने बताया कि एक आरोपी की पहचान ग्राम रामनेवाज पुरवा निवासी युवक के रूप में हुई है। चौकी प्रभारी हरिश्चंद्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें-Ayodhya News : कुंभ को लेकर दो ट्रेनों की बढ़ी संचालन अवधि, दो में लगेंगे अतिरिक्त कोच

संबंधित समाचार