Sambhal Violence : जिला न्यायालय व आसपास का क्षेत्र छाबनी में तब्दील, शाही जामा मस्जिद व हरिहर मंदिर सर्वे को लेकर आज होगी सुनवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंसिफ रोड व आवास-विकास का मयूर विहार पूरी तरह बंद, कोर्ट में प्रवेश से पहले चेकिंग 

चन्दौसी, अमृत विचार। शाही जामा मस्जिद व हरि हर मंदिर सर्वे को लेकर  जिला न्यायालय में शुक्रवार को सुनवाई होगी। सुरक्षा की दृष्टि से न्यायालय के अंदर व बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। न्यायालय के आसपास छतों पर सुरक्षा कर्मी मुस्तैद रहेंगे। मुंसिफ रोड, आवास-विकास, मयूर विहार व सरस्वती विहार पूरी तरह बंद रहेगा। अदालत में जाने वाले लोगों की चेकिंग की जा रही है। अदालत में आरएएफ, पीएसी व पुलिस सहित आला अधिकारियों की तैनाती की गई है। 

संभल में  जामा मस्जिद में सर्वे के दौरान 24 नवंबर को बवाल हो गया था। शुक्रवार को सर्वे को लेकर जिला न्यायालय में सुनवाई है। गुरुवार को सीओ संतोष कुमार सिंह व प्रभारी निरीक्षक रेनू सिंह पुलिस बल के साथ जिला न्यायालय पहुंचीं। यहां न्यायालय परिसर व बाहर व आसपास भ्रमण किया। बताया कि सुरक्षा की दृष्टि को लेकर न्यायालय के अंदर व बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। निकट के भवनों की छतों पर भी पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। साथ ही आस-पास के क्षेत्र पर पड़े हुए ईंट-पत्थरों को हटाने के लिए कहा। 

बताया कि शहर में 32 से अधिक प्वाइंट बनाए गए हैं। इन स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। जिसमें बहजोई रोड स्थित मौलागढ़ व विकास नगर की पुलिया, गोशाला रोड, शक्ति नगर, मयूर विहार, सरस्वती विहार, मुंसिफ रोड पर कड़ी चौकसी रहेगी । जिसमें आरएएफ, पीएसी व पुलिस के जवान शामिल रहेंगे। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने मुंसिफ रोड को शुक्रवार के दिन पूरी तरह बंद कर दिया। न्यायालय में जाने वाले वालों की चेकिंग की जायेगी। कई स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। 

बड़ी मस्जिद के पास ड्रोन से किया छतों का निरीक्षण
जामा मस्जिद प्रकरण की शुक्रवार को जिला न्यायालय में सुनवाई है। जबकि जुमे की नमाज में अदा होनी है। गुरुवार को पुलिस अधिकारी जारई गेट स्थित बड़ी मस्जिद पहुंचे। मस्जिद के आसपास ड्रोन उड़ाकर छतों का निरीक्षण किया। मगर ड्रोन की निगरानी के दौरान किसी भी छत पर पत्थर व रोड़े नजर नहीं आए। इसके पुलिस बाद मस्जिद के आसपास मिश्रित आबादी में पहुंची। यहां भी पुलिस ने ड्रोन से छतों पर निगरानी कराई। यहां भी छतों पर कोई पत्थर व रोड़े नजर नहीं आए। 

चन्दौसी बाल विद्या मंदिर में आज रहेगा अवकाश 
जिला न्यायालय के के बराबर में लायंस कॉलोनी स्थित चन्दौसी बाल विद्या मंदिर है। जिला न्यायालय में सुनवाई के दौरान शुक्रवार को विद्यालय में अवकाश घोषित कर दिया गया है। विद्यालय प्रबंधक सुधांशु रुस्तोगी ने बताया कि सीओ व प्रभारी निरीक्षक के कहने व सुरक्षा की दृष्टि से शुक्रवार को विद्यालय में अवकाश की घोषणा की गई है। 

बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक
जिला न्यायालय में शाही जामा मस्जिद प्रकरण में पुलिस ने बाहरी व्यक्ति के नगर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। जबकि सीओ व प्रभारी निरीक्षक भी जगह-जगह लोगों से बाहरी लोगों को घर न बुलाने की बात कह रहे हैं। साथ ही पुलिस द्वारा अनाउंसमेंट भी कराया जा रहा है। जिसमें नगरवासियों से बाहरी व्यक्ति को घर बुलाने पर पाबंदी की बात कही जा रही है। साथ ही अगर पर बाहरी व्यक्ति आए हैं, तो उन्हें तुरंत अपने यथा स्थान को जाने को कहा गया है। साथ ही पुलिस ने होटल व धर्मशाला को चेक किया। 

सुनवाई के चलते न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे अधिवक्ता 
चन्दौसी बार एसोसिएशन के सचिव सचिन गोयल ने बताया कि शुक्रवार को शाही जामा मस्जिद प्रकरण को लेकर सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। ताकि न्यायालय में वादकारियों की भीड़भाड़ न हो। शुक्रवार को अधिवक्ताओं की बाइकों को न्यायालय में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उनकी बाइकें जिला न्यायालय के बाहर बनाए गए स्टैंड पर खड़ी कराई जाएंगी। शुक्रवार को केवल पंजीकृत अधिवक्ताओं को ही प्रवेश दिया जाएगा।

पहली बार छाबनी में तब्दील रहेगा जिला न्यायालय 
जब से चन्दौसी में जिला न्यायालय संचालित है। तब से अब तक  कभी इतनी सुरक्षा व्यवस्था नहीं रही।
पहली बार न्यायालय छाबनी में तब्दील किया गया है। मामला जामा मस्जिद व हरि हर मंदिर प्रकरण की सुनवाई का है। पुलिस सुरक्षा की दृष्टि से कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती। 

ये भी पढ़ें : Sambhal Violence: जुमे की नमाज और अदालत में सुनवाई के मद्देनजर मंडल में अलर्ट, संभल में कड़े सुरक्षा प्रबंध

संबंधित समाचार