बहराइच: राज्य सूचना आयुक्त ने अधिकारियों को दिये निर्देश, कहा 30 दिवस की लक्ष्मण रेखा का करें सम्मान
बहराइच, अमृत विचार। राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने निरीक्षण भवन में उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, तहसीलदार और जिला विद्यालय निरीक्षक के जन सूचना अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
इस दौरान उन्होंने जन सूचना अधिकारियों को निर्देश दिया कि 30 दिवस की लक्ष्मण रेखा का सम्मान करें। जन सूचना अधिकार अधिनियम-2005 के अन्तर्गत प्राप्त होने वाले प्रार्थना-पत्रों का निस्तारण करते हुए अनिवार्य रूप से 30 दिवस के अन्दर सम्बन्धित को सूचना उपलब्ध करा दी जाए।
सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि यदि किसी प्रार्थना-पत्र के सम्बन्ध में आप द्वारा सूचना नहीं दी जा रही है तो आवेदनकर्ता को 30 दिवस के अन्दर सूचना न देने के कारणों से अवश्य अवगत कराया जाये। राज्य सूचना आयुक्त ने सभी अधिकारियों से कहा कि किसी भी परिस्थिति में 30 दिन में सूचना न देने का उल्लंघन होने पर कार्रवाई की जायेगी।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिला पंचायत कार्यालय से लेकर ग्राम सचिवालय तक ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे गांव के लोगों को बिना परेशानी के सूचना मिल सके। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार अहिरवार, उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी व तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: Lucknow: लाखों जिंदगियां बचाने का सबसे बड़ा केंद्र बना केजीएमयू का ट्रामा सेंटर
