रामपुर: नहर किनारे मिला बरेली के युवक का शव, फैली सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

मौके पर पहुंची पुलिस, शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा

रामपुर/ मिलक, अमृत विचार। मिलक क्षेत्र में नहर किनारे युवक का शव गुरुवार सुबह 6 बजे मिलने के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला भेज दिया। बेटे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है।
 
मिलक क्षेत्र के गांव हरदासपुर गांव में गुरुवार सुबह 6 बजे गांव के लोग सड़क से गुजरे, तो उन्होने देखा कि नहर किनारे एक युवक का शव पड़ा है। शव देखकर लोग मौके पर एकत्र हो गए और किसी ने पुलिस को नहर किनारे शव पड़े होने की सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की जेब की तलाशी ली ,तो जेब से मिले आधार कार्ड और फोन से युवक की शिनाख्त जिला बरेली के थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम हल्दी कलां निवासी 20 वर्षीय तेजपाल पुत्र नन्हें लाल पाठक के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि मृतक बिलासपुर क्षेत्र स्थित एक राइस मिल में काम करता था। वह प्रतिदिन सुबह गांव से अपने अन्य साथियों के साथ बिलासपुर जाता था और शाम को घर लौट आता था। तेजपाल बुधवार सुबह 6 बजे घर से राइस मिल जाने के लिए निकला था लेकिन, वह रात को लौटकर घर नहीं आया। मृतक अविवाहित था। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर मृतक की शिनाख्त कराकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक तेजपाल के भाई राम आधार ने बताया कि वह रोजाना की तरह बुधवार को राइस मिल पर जाने के लिए अपने दोस्तों के साथ चला गया था। वह उन दोनों दोस्तों के साथ रुपये लेने राइस मिल गया था। उसके बाद तेजपाल तो नहीं आया लेकिन, उसके  मरने की सूचना पहुंची। परिजनों ने उसके साथ गए दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के कहने पर तेजपाल के एक दोस्त नन्हें लाल को पकड़ लिया है। 

तेजपाल के साथी ने नहीं दी घटना की  जानकारी
मृतक के साथी नन्हें लाल ने बताया कि मृतक और वह चार दिन से राइस मिल पर काम करने नहीं जा रहे थे। बुधवार को वह मजदूरी करने चला गया था जब शाम को लौटकर घर वापस आया तो तेजपाल ने मजदूरी के रुपये लेने के लिए उससे बिलासपुर मिल पर जाने के लिए कहा। जिद करने पर वह और मृतक बाइक से शाम 7 बजे बिलासपुर पहुंच गए। बिलासपुर पहुंचकर उन्होंने शराब पी। उसके बाद वे मजदूरी के रुपये लेने पहुंचे जोकि, मिल गए। इसके बाद दोनों ने रात 10 बजे एक बार फिर शराब पी और बाइक से घर की ओर रवाना हो गए। तेजपाल को बहुत नशा हो गया था इसलिए उसे बाइक पर पीछे बैठा लिया और नन्हेंलाल ने बाइक चलाई। रात करीब 1 बजे  ग्राम हरदासपुर के पास तेजपाल बाइक से गिर गया। जब उसने तेजपाल को गिरा देखा तब नन्हेंलाल ने तेजपाल को उठाने की बहुत कोशिश की लेकिन वह नहीं उठा। रात 3 बजे करीब वह बाइक लेकर घर पहुंच गया। लेकिन उसने घटना की किसी को कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस मृतक के साथी नन्हेंलाल पकड़ लाई है और उसने पूछताछ में यह जानकारी दी।

ये भी पढ़ें - रामपुर : जानलेवा हमले के 10-10 हजार के 2 इनामी आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार