रायबरेली: बैंक में लगी भीषण आग, केबिन और एटीएम जला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ऊंचाहार/रायबरेली, अमृत विचार। बैंक ऑफ बड़ौदा की ऊंचाहार मुख्य शाखा में शनिवार की सुबह बिजली स्पार्किंग से आग लग गई। इससे शाखा के अंदर की सभी केबिन, फर्नीचर और एटीएम के उपकरण जलकर राख हो गए। मौके पर पहुंची दमकल गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। गनीमत रही कि बैंक के लाकर, कैश और डॉक्यूमेंट्री सुरक्षित है।

लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा में तड़के करीब चार बजे अचानक विद्युत शॉट सर्किट से आग लग गई। बैंक के आसपास रहने वाले लोगों ने प्रातः करीब पांच बजे बैंक के अंदर से निकल रहे धुएं के गुब्बार को देखा तो वहां हड़कंप मच गया। इसके बाद बैंक अधिकारियों, पुलिस और दमकल को मामले की सूचना दी गई। सूचना पाकर अधिकारी मौके पर पहुंचे और सीआईएसएफ दमकल की गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। 

इस दौरान बैंक परिसर के अंदर स्थित प्रबंधक, कैश काउंटर समेत सभी केबिन और फर्नीचर जलकर राख हो चुके थे। बैंक के बाहर स्थित एटीएम तक आग पहुंच गई थी। जिससे एटीएम के भी उपकरण जलकर राख हो गए हैं। इस अग्निकांड में कई लाख रुपए की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है। दूसरी ओर गनीमत थी कि बैंक में रखा कैश, एटीएम का कैश, डॉक्यूमेंट्री, लाकर पूरी तरह सुरक्षित है। शाखा प्रबंधक अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि बैंक का कैश आदि महत्वपूर्ण चीजें सुरक्षित है। आग से हुए नुकसान का अंदाजा लगाया जा रहा है। मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।

ये भी पढ़ें- रायबरेली: थाने में पूजा-अर्चना करने वाले पुजारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, सड़क पर खड़ी मिली बाइक

संबंधित समाचार