मुरादाबाद : सीएम योगी से मिले कुंदरकी के नव निर्वाचित विधायक रामवीर सिंह, बताईं जन समस्याएं 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुख्यमंत्री से मुलाकात करते कुंदरकी के नव निर्वाचित भाजपा विधायक रामवीर सिंह

मुरादाबाद, अमृत विचार। कुंदरकी विधानसभा से नव निर्वाचित भाजपा विधायक रामवीर सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। उनसे क्षेत्र के विकास कार्यों के बारे में चर्चा कर सहयोग मांगा। 

उन्होंने प्रतिवर्ष कोसी नदी में बाढ़ के कारण लगभग 75,000 की आबादी प्रभावित होने के कारण ग्राम खबड़िया भूड़ से ग्राम चतरपुर नकटा खेड़ा कोसी नदी के किनारे बांध निर्माण व अनेक ग्रामों के संपर्क मार्गों की सड़क निर्माण कराने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया। साथ ही कई गांवों के संपर्क मार्गों पर पड़ने वाली गागन नदी पर पुलिया और सेतु निर्माण के लिए भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। इस पर मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को प्राथमिकता से कराने का आश्वासन दिया।

संपत्तियों की रजिस्ट्री में पार्क, ग्रीन बेल्ट का विवरण दर्ज करना होगा
मुरादाबाद । एक जनहित याचिका में पारित आदेशों के क्रम में सम्पत्तियों की रजिस्ट्री में भी पार्क/ग्रीन बेल्ट और महायोजना मार्ग के भू-उपयोग का उल्लेख करने के संबंध में शनिवार को प्राधिकरण कार्यालय सभागार में कार्यशाला हुई। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शैलेष कुमार ने इसका पालन सुनिश्चित करने और जन सामान्य को इसके प्रति जागरूक करने के लिए कहा। कार्यालय में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने की। इसमें न्यायालयों के आदेशों के क्रम में अब महायोजना में पार्क, खुले स्थल, हरित पट्टिकाएं, क्रीड़ा स्थल और महायोजना मार्ग के प्रस्तावित भू-उपयोग का विवरण गाटा संख्यावार रजिस्ट्री कार्यालय को बताना अनिवार्य होने की जानकारी देकर सभी से इसका पालन सुनिश्चित कराने के लिए कहा। 

बताया कि भूमि के विक्रय विलेखों में भूमि के इन उपयोगों की जानकारी हर हाल में देनी होगी। इससे अवैध कालोनियों पर रोक लगेगी और जन सामान्य को धोखाधड़ी से राहत मिलेगी। कार्यशाला में यह भी बताया गया कि विक्रय विलेखों में यह भी करना दर्ज करना होगा कि भूमि विकास प्राधिकरण अथवा अन्य किसी विभाग में बंधक नहीं है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि सम्पत्तियों को खरीदते समय सावधानी बरतें। संपत्तियों को खरीदने से पहले उसके भू-उपयोग की पूरी जानकारी जरूर लेनी चाहिए। उनके अलावा प्राधिकरण सचिव अंजूलता, मुख्य नगर नियोजक और अधिशासी अभियंता पंकज पांडेय और अन्य स्टेक होल्डर्स व सदर प्रथम व द्वितीय, कांठ, बिलारी एवं ठाकुरद्वारा के सब रजिस्ट्रार शामिल हुए।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : संभल बवाल में पुलिस की तारीफ करना महिला को पड़ा भारी, पति ने दिया तीन तलाक 

संबंधित समाचार