Kanpur: फर्जी आवंटन पत्र देकर 10 लाख की धोखाधड़ी; पीड़ित ने दोस्त व रिश्तेदारों पर लगाया आरोप, कहा- रुपये मांगने पर बेरहमी से पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। बर्रा थानाक्षेत्र में रहने वाले विकास भवन में तैनात एक पीड़ित ने अपने दोस्त व उसके रिश्तेदारों पर घर का फर्जी आवंटन पत्र देकर दस लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया। आरोप है, कि जब पीड़ित ने रुपये मांगे तो उसे बेरहमी से मारापीटा गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की लेकिन सुनवाई न होने का आरोप लगाया। जिसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं रिपोर्ट दर्ज कराई। 

बर्रा के वरुण विहार निवासी सुधीर कुमार झा ने दर्ज एफआईआर में बताया कि उनका मित्र आनंद त्रिपाठी विकास भवन में कर्मी था। उन्होंने आनंद से खुद के और अपने रिश्तेदारों के लिए घर का आवंटन कराने के लिए वर्ष 2008 में मुलाकात की थी। उस दौरान आनंद ने अंबेडकर आवास योजना में सभी का आवंटन कराने के लिए दस लाख रुपये की मांग की। 

जिस पर उन्होंने सभी से रुपये एकत्र कर उन्हें दे दिया। कुछ माह बाद आनंद ने घरों का कब्जा पत्र उसे सौंप दिया। उन्हें कुछ शक हुआ तो उन्होंने कब्जा पत्र की जांच कराई। जिससे पता चला कि यह कूटरचित दस्तावेज से तैयार किया गया है। उन्होंने आनंद से विरोध दर्ज कराया और रुपये मांगे। दर्ज एफआईआर में बताया कि आनंद ने एक बार में 1.48 लाख रुपये वापस किए। और पैसे की बात की तो आनंद ने अपने ससुर को आईएएस अधिकारी बताकर धौंस जमाई। 

आनंद ने उसे 19 जुलाई 2023 को 20 हजार और भेजे। इसके बाद 19 जुलाई 2023 को फोन कर बसंत पेट्रोल पंप के सामने हरी मस्जिद के पास बुलाया। वह वहां पहुंचे तो आरोप है कि पहले से आनंद त्रिपाठी, गोलू त्रिपाठी, अभिषेक अग्निहोत्री, आनंद त्रिपाठी की पत्नी व आनंद त्रिपाठी का ससुर एस एन शुक्ला मौजूद थे। आरोप है कि उन्हें वैन में डाला और बेरहमी से मारापीटा। जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में बर्रा इंस्पेक्टर राजेश शर्मा ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: गलत आख्या पर होगी दंडात्मक कार्रवाई...जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेताया, कहा- लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

 

संबंधित समाचार