Kannauj: ड्यूटी के दौरान प्रधानाध्यापक पर नशे में होने का आरोप, बीएसए से सहायक अध्यापक ने की शिकायत, बोलीं- आत्मरक्षा के लिए आरोपी को पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज, अमृत विचार। ब्लॉक सदर क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल गुखरू की सहायक अध्यापक तृप्ति त्रिपाठी ने दूसरे विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर ड्यूटी के दौरान नशे में होने का आरोप लगाया है। साथ ही न्याय पंचायत स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता में भी पक्षपात करने की शिकायत की है। 

सहायक अध्यापक ने बताया कि वह अपने विद्यालय के प्रधानाध्यापक क्रांति कुमार के साथ खेलकूद प्रतियोगिता में बच्चों को शामिल कराने के लिए कंपोजिट विद्यालय मानीमऊ गई थी। 400 मीटर दौड़ के लिए दूसरे विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने प्रार्थना पत्र मांगा जो दिया गया। दौड़ हुई लेकिन बीच में रोक कर कुछ बच्चों को विजेता घोषित किया गया।

तृप्ति ने बताया कि जब कारण पूछा तो गलत तरीके से पेश आए। पहले किसी छात्र का नाम लिखा बाद में पन्ना फाड़ दिया। बाद में प्रतियोगिता कराने से मना कर दिया। पन्ने की फोटो खींचने के दौरान उनका मोबाइल छीनकर तोड़ने का प्रयास हुआ। जब अपना मोबाइल छीना तो हाथ पकड़कर मोड़ दिया और धक्का दिया। तृप्ति का कहना है कि स्वयं की रक्षा के लिए प्रधानाध्यापक पर हाथ उठाया।

सहायक अध्यापक ने प्रधानाध्यापक पर गालीगलौज करने व शराब पीकर प्रतियोगिता में शामिल होने की भी शिकायत की है। दूसरी ओर बीएसए ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। इसमें बीईओ मधुलिका बाजपेयी, नगर शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र चौधरी व एसआरजी विकास कुमारी दीक्षित शामिल हैं।

संबंधित समाचार