Sonia Gandhi Birthday: कांग्रेस अध्यक्ष खरगे समेत कई नेताओं ने सोनिया गांधी को दी जन्मदिन की बधाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेताओं ने पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को सोमवार को उनके 78वें जन्मदिन पर बधाई दी। खरगे ने सोनिया को हाशिए पर पड़े लोगों के अधिकारों की ‘‘सच्ची समर्थक’’ बताया।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सोनिया के योगदान ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है। सबसे लंबे समय तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी ने स्वास्थ्य कारणों के चलते पिछले कुछ वर्षों से सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली है। उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाद्रा पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। 

कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सोनिया गांधी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘‘वह हाशिए पर पड़े लोगों के अधिकारों की सच्ची समर्थक तथा विपरीत परिस्थितियों में भी अत्यंत शालीनता, गरिमा और साहस का परिचय देने वालीं हैं। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है। मैं सोनिया गांधी की लंबी आयु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’’ 

कांग्रेस महासचिव एवं संगठन प्रभारी के सी वेणुगोपाल ने भी पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उन्हें ‘‘हमारे समय की एक प्रतिष्ठित नेता’’ बताया। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर सोनिया गांधी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वह एक ऐसी नेता हैं जिनकी भारत और पार्टी के संस्थापक सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता और विश्वास प्रेरणादायी हैं।  

यह भी पढ़ें:-Sonia Gandhi Birthday: प्रधानमंत्री मोदी ने सोनिया गांधी को दी जन्मदिन की बधाई, जानें क्या कहा...

 

संबंधित समाचार