मृतक आश्रितों को उसी संवर्ग में नियुक्ति देने का विरोध, माध्यमिक शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ बैठक में पदाधिकारियों ने की चर्चा
लखनऊ, अमृत विचार: माध्यमिक शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ की प्रदेशीय बैठक प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह चौहान की अध्यक्षता में रविवार को एपी सेन मेमोरियल गर्ल्स इण्टर कॉलेज में सम्पन्न हुई। इसमें चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के मृतक आश्रितों को उसी संवर्ग में नियुक्ति प्रदान करने के फैसले पर रोष व्यक्त किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि परिचारक संवर्ग के साथ भेदभाव पूर्ण व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से शिक्षणेत्तर कर्मियों को कैशलेस चिकित्सीय सुविधा, उपार्जित अवकाश का राशिकरण एवं प्रबंध समिति में प्रतिनिधित्व दिए जाने का शासनादेश जारी किए जाने की मांग की है। इस अवसर पर सर्वसम्मति से माध्यमिक शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ का महासंघ में विलय करते हुए आलोक सिंह चौहान को शिक्षणेत्तर कर्मचारी महासंघ का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष और संतोष सिंह को प्रदेश सचिव घोषित किया गया।
शिक्षणेत्तर कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विजय द्विवेदी ने बताया कि 28 दिसंबर को शिक्षणेत्तर कर्मचारी महासंघ का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन अयोध्या में होगा। प्रदेश सचिव संतोष कुमार सिंह ने कहा कि डीएवी इण्टर कॉलेज में 50 प्रतिशत पदोन्नति कोटे के अंतर्गत रिक्त लिपिक पद पर पात्र कर्मचारी राजेन्द्र मिश्र को पदोन्नति दी जाए। शैलेन्द्र गिरि, रमेश कुमार पाल, अमलेश्वर नारायन सिंह, दीपेश श्रीवास्तव, प्यारे लाल, अवधेश सिंह तोमर, वीरेन्द्र बहादुर सिंह, लाल सुधाकर, लाल चन्द सरोज, प्रमोद कुमार, देव कुमार, रणवीर सिंह, सुदेश चतुर्वेदी, चंद्रसेन, दिनेश कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ेः Video : लखनऊ के शांतनु बने यूपी में CLAT के टॉपर, ऑल इंडिया में 8वीं रैक, इन मेधावियों का भी रहा दबदबा
