कानपुर में बाइक सवार बच्चे को टक्कर मारकर घसीटता रहा...मौत: घटना से गुस्साए परिजनों ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। सचेंडी थानाक्षेत्र में घर के बाहर खड़े 4 वर्षीय बच्च्चे को नशे में धुत तेज रफ्तार बाइक सवार किशोरों ने टक्कर मारते हुए तकरीबन 25 फीट तक घसीट दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। 

हादसे और जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया। वहीं करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद समझाने पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। जाम के कारण वाहन सवारों को घोर परेशानियों का सामना करना पड़ा। 

गज्जापुरवा में रहने वाला कोमल सिंह भीमसेन के पंचमपुरवा में स्थित झुनझुनवाला कंपाउंडर कंपनी में मजदूरी करता है। सोमवार सुबह लगभग साढ़े 10 बजे कोमल का 4 वर्षीय पुत्र हिमांशु घर के बाहर से निकली सचेंडी भीमसेन रोड के किनारे खड़ा था। तभी कैंधा की ओर से आ रहे नशे में धुत अपाचे सवार पंचापुरवा निवासी 17 वर्षीय लवकुश तथा 16 वर्षीय कुलदीप ने तेज रफ्तार में हिमांशु को टक्कर मारते हुए 25 फीट दूर तक घसीट कर गड्ढे में जा गिरा। 

गर्दन की हड्ड़ी टूटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बाइक सवार दोनों युवक भी सड़क पर गिर गए। मौके पर मौजूद गांव के लोगों ने दौड़कर दोनों को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस की पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, और आरोपियों को ले जाने का प्रयास किया। जिस पर गांव वाले भड़क गए और सैकड़ो की संख्या में सड़क पर शव रख कर जाम लगा दिया। 

सूचना पर सचेंडी और पनकी की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया और सड़क पर जाम के कारण खड़ी गाड़ियों को किनारे से निकलवाया। इस संबंध में सचेंडी प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया की आरोपी वाहन चालक और उसके साथी को हिरासत में लिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिवार में मां गुड़िया, बेटे आदित्य, बेटी शिवानी बदहवास हो गए।

ये भी पढ़ें- Mahakumbh 2025: महाकुंभ को लेकर कानपुर सेंट्रल पर लगाए 11 एटीवीएम...यात्री सुविधा के लिए 24 टिकट फेसिलिटेटर की नियुक्ति

 

संबंधित समाचार