हाथरस में ट्रक और वैन के बीच टक्कर में 3 बच्चों समेत 6 लोगों की मौत, कई घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हाथरस (उत्तर प्रदेश)। हाथरस और सिकंदराराऊ के बीच मंगलवार को एक ट्रक और वैन के बीच हुई टक्कर में तीन बच्चों समेत कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना हाथरस जंक्शन थाने के अंतर्गत जैतपुर गांव में हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

सिकंदराराऊ के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) श्यामवीर सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह दुर्घटना हाथरस जंक्शन थाने के तहत आने वाले जैतपुर गांव में हुई। ट्रक और वैन के बीच हुई टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि मृतकों में तीन बच्चे शामिल हैं। सिंह ने कहा, "मृतकों के परिजनों को उनकी पहचान कराने के लिए बुलाया गया है।"

मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर एक संदेश में कहा गया, '' मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद हाथरस में मथुरा-कासगंज राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।''

इसी संदेश में कहा गया है, ''मुख्यमंत्री ने संबंधित जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।” 

ये भी पढ़ें- हाथरस: FCI गोदाम में 145 बंदरों की दर्दनाक मौत, हिंदूवादी संगठनों ने काटा हंगामा...मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे SDM और CO

संबंधित समाचार